भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच नहीं खेलने पर बढ़ी पाकिस्तान की मुश्किलें

भारत-पाक मैच पर बढ़ा विवाद

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ ग्रुप चरण का मुकाबला नहीं खेलने के पाकिस्तान के फैसले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। इस फैसले के बाद अब पाकिस्तान को न सिर्फ खेल के स्तर पर, बल्कि कानूनी और आर्थिक मोर्चे पर भी गंभीर परिणाम झेलने पड़ सकते हैं। क्रिकेट की वैश्विक संस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इस पूरे मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को कड़ा संदेश दिया है।

जियोस्टार कर सकता है कानूनी कार्रवाई

आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को स्पष्ट रूप से अवगत कराया है कि यदि पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेलती है, तो टी20 विश्व कप के आधिकारिक प्रसारक जियोस्टार उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। प्रसारक को इस मुकाबले से बड़े स्तर पर व्यावसायिक नुकसान होने की आशंका है, जिसे लेकर वह अनुबंध उल्लंघन का मामला उठा सकता है।

सरकारी निर्देश का हवाला दे रहा पाकिस्तान

पाकिस्तान ने यह घोषणा की है कि उसकी सरकार के निर्देश पर टीम कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी। हालांकि, अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस फैसले के पीछे का औपचारिक कारण आईसीसी को लिखित रूप में नहीं सौंपा है। यही बात आईसीसी और प्रसारक दोनों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

वार्षिक राजस्व रोक सकता है आईसीसी

एक रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे विवाद में आईसीसी के पास यह विकल्प भी मौजूद है कि वह पाकिस्तान का वार्षिक राजस्व रोक ले। यह राशि करीब 35 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी रकम से प्रसारक को होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सकती है। यदि ऐसा होता है, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की आर्थिक स्थिति पर इसका गहरा असर पड़ सकता है।

पीसीबी के लिए बढ़ती कानूनी और आर्थिक चुनौतियां

पीसीबी के एक सूत्र के अनुसार, यदि पाकिस्तान भारत के खिलाफ खेलने से इनकार पर अड़ा रहता है, तो उसे केवल आर्थिक दंड ही नहीं, बल्कि प्रसारक की ओर से मुकदमे का भी सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, आईसीसी की विवाद समाधान समिति में जाने के उसके प्रयासों के सफल होने की संभावना भी बेहद कम मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि सरकारी निर्देश के बावजूद पीसीबी को यह साबित करना कठिन होगा कि उसने जानबूझकर अनुबंध का उल्लंघन नहीं किया।

तटस्थ स्थल पर खेलने के बावजूद संकट

यह भी उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान अपने सभी मैच भारत में नहीं, बल्कि तटस्थ स्थल श्रीलंका में खेल रहा है। दूसरी ओर, भारतीय सरकार ने अपनी टीम को पाकिस्तान में खेलने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन मई 2025 में दोनों देशों के बीच हुए सैन्य संघर्ष के बाद भी भारत ने एशिया कप या आईसीसी प्रतियोगिताओं में तटस्थ स्थानों पर पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से अपनी टीम को नहीं रोका। ऐसे में पाकिस्तान का मैच बहिष्कार आईसीसी और प्रसारक दोनों को अस्वीकार्य लग रहा है।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

कोल्ड्रफ सिरप से 25वीं मौत: चार महीने की जंग हार गया 4 साल का मासूम

टी20 विश्वकप 2026 खेलने जा रही भारतीय टीम में किसके नाम है सर्वाधिक विकेट, कौन है सबसे पीछे

मेलबर्न में महात्मा गांधी की मूर्ति चोरी, काटकर ले गए चोर

युमनाम खेमचंद बनेंगे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री