वृंदावन में भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया संगठनात्मक एकजुटता और सक्रियता का संदेश

मथुरा/लखनऊ, 25 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को एक दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, संगठन पदाधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। वृंदावन में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का आधार मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ पर पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

बूथ की मजबूती से ही बनेगी विजय की राह

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता का प्रश्न नहीं है, बल्कि प्रदेश और देश की दिशा तय करने वाला चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा को जीत दिलाने के लिए हर कार्यकर्ता को अपने बूथ को सशक्त बनाना होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में शासन बंदूक और भय के सहारे चलता था, लेकिन आज लोकतंत्र की ताकत से, मतदाता के वोट से सरकार चल रही है। यह बदलाव भाजपा की नीतियों और नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज को बांटने और तोड़ने वाली ताकतों से लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करें और सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाएं।

NITIN NABEEN

युवाओं को राजनीति में आगे आने का आह्वान

नितिन नवीन ने युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें राजनीति में सकारात्मक सोच के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का युवा अगर राजनीति से जुड़ेगा तो देश और प्रदेश को नई ऊर्जा मिलेगी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन और सरकार दोनों को कदम से कदम मिलाकर चलना होगा।

योगी सरकार के विकास कार्यों की सराहना

भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुले तौर पर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से विकास कार्य हो रहे हैं, वह पूरे देश के लिए उदाहरण बन चुके हैं। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे पवित्र स्थलों में सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास की नई तस्वीर सामने आई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से देश का हर सनातनी गौरव महसूस करता है। उत्तर प्रदेश आज केवल अपनी सांस्कृतिक पहचान के लिए ही नहीं, बल्कि विकास और सुशासन के लिए भी जाना जा रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों को श्रेय दिया।

बीमारू राज्य से उत्तम प्रदेश तक का सफर

नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्यों की श्रेणी में रखा जाता था, लेकिन आज वही प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का हर राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश इस बदलाव का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

सांस्कृतिक विरासत और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की मजबूती

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल भौतिक विकास ही नहीं हो रहा, बल्कि सांस्कृतिक चेतना को भी नई मजबूती मिली है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसी नगरी में हो रहे कार्यों से सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जड़ों को भी मजबूत किया है, जिससे समाज में आत्मविश्वास और एकता का भाव बढ़ा है।

स्वच्छता अभियान बना जनआंदोलन

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। 2014 में शुरू हुआ यह अभियान अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है और लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता क्रांति प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसने देश के आम नागरिक को स्वच्छता से जोड़ा। आज भारत स्वच्छता और विकास दोनों के लिए पहचाना जा रहा है। महिलाओं, किसानों और युवाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच रहा है।

युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं नितिन नवीन: योगी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने नितिन नवीन को युवा ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे नेतृत्व से नई दिशा और गति मिलती है। योगी ने कहा कि मथुरा-वृंदावन की भूमि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ब्रजभूमि के कण-कण में राधा रानी की भक्ति और आस्था समाई हुई है। इसी जिले में अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि भी है, जो भाजपा की विचारधारा की आधारशिला हैं।

विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश केवल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए भी जाना जा रहा है। अब प्रदेश बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं से प्रदेश में निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है।

मन की बात कार्यक्रम में सहभागिता

कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन ने वृंदावन स्थित अक्षय पात्र चंद्रोदय मंदिर में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप चौधरी, मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण चौधरी, अशोक कटारिया, जिलाध्यक्ष निर्मल पाण्डेय और महानगर अध्यक्ष राजू यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

अमेरिकी धोखाधड़ी केस में नया मोड़, अदाणी पक्ष ने SEC समन पर सहमति के संकेत दिए

बोर्ड परीक्षा के लिए, प्रश्न-पत्रों की डबल पैकिंग, मोबाइल एप से होगी निगरानी

बॉक्स ऑफिस पर कमजोर रही ‘चैम्पियन’, अब OTT से मिलेगी नई पहचान

हिंदी थोपने का हमेशा विरोध करेंगे: भाषा शहीद दिवस पर स्टालिन का दो टूक बयान