दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संभाला पदभार

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में मंगलवार का दिन संगठनात्मक दृष्टि से विशेष महत्व का रहा, जब पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का वक्तव्य पूरे कार्यक्रम का केंद्र बिंदु रहा, जिसमें उन्होंने संगठन, कार्यकर्ता और नेतृत्व की भावना को अत्यंत भावनात्मक रूप में रखा।

पार्टी की बात हो तो नितिन नबीन मेरे बॉस

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं को गर्व के साथ भाजपा का कार्यकर्ता मानते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के विषयों की बात आती है, तो नितिन नबीन उनके बॉस हैं। यह कथन केवल विनम्रता नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यकर्ता-प्रधान संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा में पद बदलते रहते हैं, लेकिन आदर्श कभी नहीं बदलते। नेतृत्व बदल सकता है, लेकिन दिशा और विचारधारा स्थिर रहती है। उन्होंने भाजपा को एक ऐसे परिवार के रूप में परिभाषित किया, जहां सदस्यता से अधिक आपसी संबंधों और समर्पण का महत्व होता है।

NITIN NABEEN N MODI

राजग समन्वय भी नितिन नबीन की बड़ी जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नितिन नबीन की जिम्मेदारी केवल भाजपा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के बीच समन्वय बनाए रखना भी उनके दायित्व का अहम हिस्सा है। उन्होंने भरोसा जताया कि युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव के साथ नितिन नबीन पार्टी की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री ने संगठन पर्व की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी के संविधान के अनुरूप शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत यह चुनाव संपन्न हुआ, जो भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था और अनुशासन का प्रमाण है।

पदभार व्यवस्था है, कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि तीन बार प्रधानमंत्री बनना या लंबे समय तक सरकार का नेतृत्व करना उपलब्धि हो सकती है, लेकिन उनके लिए सबसे बड़ा गर्व भाजपा का कार्यकर्ता होना है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संस्कार है, जहां पदभार एक व्यवस्था है, लेकिन कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी होता है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के योगदान का स्मरण करते हुए उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने रेडियो से लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक का पूरा दौर देखा है, और यही संतुलन उन्हें विशिष्ट बनाता है।

NITIN NABEEN N MODI

राजनीति पद नहीं, उत्तरदायित्व है: नितिन नबीन

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में राजनीति पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को कार्यकर्ता के रूप में देशसेवा करते हुए देखने से उन्हें यह सीख मिली कि जो व्यक्ति जनता की भावनाओं से जुड़ता है, वही वास्तव में बड़ा बनता है। उन्होंने गुजरात के आणंद में एक कार्यक्रम का स्मरण करते हुए बताया कि किस तरह प्रधानमंत्री ने सद्भावना मिशन के दौरान हर व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना, जिससे उन्हें जनभावनाओं की शक्ति का वास्तविक अर्थ समझ आया।

विपक्ष पर तीखा प्रहार

अपने पहले ही भाषण में नितिन नबीन ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तमिलनाडु में पवित्र कार्तिगै दीपम पर्व को रोकने की कोशिश की गई, सोमनाथ में गौरव पर्व को लेकर असहजता दिखाई गई और राम सेतु के अस्तित्व पर प्रश्न उठाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराओं को रोकने वाली शक्तियों का लोकतांत्रिक तरीके से सामना करना आवश्यक है। उन्होंने आगामी महीनों में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुड्डुचेरी में होने वाले चुनावों का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता अपने संघर्ष और परिश्रम के बल पर पार्टी को सफलता दिलाएंगे।

भाजपा का भविष्य सुरक्षित हाथों में: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान युवा, ऊर्जावान और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध नेतृत्व को सौंपना भाजपा की दूरदर्शी सोच का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना संगठन की परिपक्वता और युवा नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाता है। नितिन नबीन के नेतृत्व में विकसित भारत–2047 के संकल्प को नई गति मिलेगी और भाजपा विचार, संगठन तथा जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम-2026: गूगल करेगा मध्यप्रदेश में आईटी, आईटीईएस और डेटा सेंटर में निवेश पर विचार

सबरीमाला मंदिर में सोना चोरी मामला: प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई, तीन राज्यों में 21 ठिकानों पर छापे

नितिन नबीन: युवा विधायक से भारतीय जनता पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने तक का राजनीतिक सफर

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने प्रोफेशनल बैडमिंटन को कहा अलविदा, घुटनों की गंभीर समस्या बनी संन्यास की वजह