भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर जिले के महू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महूगांव में 85 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण करते हुए 4.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित नानाजी देशमुख पर्यटक स्थल का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महू और एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चंद्रशेखर आजाद सरोवर (काकड़पुरा तालाब) पार्क एवं घाट का लोकार्पण कर सम्पूर्ण क्षेत्र का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख को स्मरण करते हुए कहा कि वे केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन के महान साधक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन ग्राम विकास, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए समर्पित कर दिया। नानाजी देशमुख का मानना था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और जब गांव मजबूत होंगे तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा। उनके द्वारा स्थापित किए गए विकास मॉडल आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। 
महू क्षेत्र तीर्थ नगरी का स्वरूप 

प्रदेश में विकास को बनाया गया है राष्ट्रनिर्माण का आधार: मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महू क्षेत्र ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और औद्योगिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली है, वहीं निकट ही जानापाव पर्वत भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में भी प्रसिद्ध है। महू क्षेत्र क्रांतिसूर्य टंट्या मामा की कर्मभूमि भी रहा है। इस कारण यह पूरा क्षेत्र एक प्रकार से तीर्थ नगरी का स्वरूप लिए हुए है। आज महू और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से औद्योगिक विकास हुआ है। चारों ओर उद्योग, कॉलेज, स्कूल और विकास कार्यों को देखकर गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को विकास में सहभागिता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के लिए शस्त्र और शास्त्र का ज्ञान हमारी प्राचीन परंपरा रही है।

सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिलाओं, युवाओं, गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि इससे इन वर्गों के जीवन में तेजी से सकारात्मक बदलाव आ रहा है। राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। इस योजना में 1000 रुपए से बढ़कर 1500 रुपए हो चुकी है और आगे भी महिलाओं के हित में निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने आयुष्मान योजना, सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए उपचार सहायता, एयर एम्बुलेंस सुविधा और अंगदान करने वालों को गार्ड ऑफ ऑनर देने जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। 

सांदीपनि विद्यालयों में शिक्षा के साथ विकास कौशल

सांदीपनि विद्यालयों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन स्कूलों के माध्यम से बच्चों को आधुनिक सुविधाओं सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें खेल, पढ़ाई और कौशल विकास के सभी आयाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र से सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को दूध उपलब्ध कराने की योजना शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महू-खंडवा रेल लाइन का कार्य भी शीघ्र पूर्ण होगा और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेल सेवाओं का विस्तार भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दी सौगातें

- 14.44 करोड़ रुपये की लागत से अमृत 2.0 योजना अंतर्गत नवीन पेयजल लाइन
- 7.52 करोड़ रुपये की लागत से स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत उपयोगित जल प्रबंधन योजना
- 10.40 करोड़ रुपये की लागत से महू-नीमच रोड निर्माण
- 2 करोड़ रुपये की लागत से महूगांव मुक्तिधाम पर घाट निर्माण
- 1.03 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण
- 2.50 करोड़ रुपये की लागत से गायकवाड़ चौराहे से महूगांव स्कूल तक सड़क निर्माण 
- 1.51 करोड़ रुपये की लागत से गौशाला रोड निर्माण कार्य शामिल 

प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा: केंद्रीय मंत्री

केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। हर वर्ग के कल्याण के कार्य हो रहे है। किसानों की आमदनी में वृद्धि की जा रही है। वहीं दूसरी ओर युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रदेश का औद्योगिक विकास भी तेज गति से रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान योजना कारगर हो रही है।

महू क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं: विधायक 

विधायक उषा ठाकुर ने महू विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और कहा कि महू क्षेत्र में विकास को नये आयाम दिये जा रहे हैं। महू क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। इस क्षेत्र में तेजी से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बाबा साहब भीमराव अम्बेड़कर, भगवान परशुराम तथा जननायक टंट्या मामा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि इन महान विभूतियों से धन्य है। इन्हें आदर्श मानते हुए क्षेत्र के विकास को नयी दिशा दी जा रही है। उन्होंने महूगांव क्षेत्र में लोकार्पित तथा भूमिपूजन हुए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास के आमूलचूल बदलाव में मददगार होंगे।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद कविता पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, मधु वर्मा, गौरव रणदिवे तथा श्रवण चावड़ा, कंचन सिंह चौहान, कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण यांगचेन भूटिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

IND vs SA: साउथ अफ्रीका ने अखिरी ओवर में 20 रन बनाए, 7 विकेट खोकर 187 रन पर पारी समाप्त,.

अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद बढ़ा तनाव, काबुल ने दी ‘उचित जवाब’ की चेतावनी

कांग्रेस पर बरसे प्रधानमंत्राी मोदी, कहा -आप तो पहले से ही नंगे हैं, कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी ?

मातृभाषाओं के संरक्षण का पक्षधर है संघ- डॉ. लोकेंद्र सिंह