विंध्य व्यापार मेले से औद्योगिक विकास को नई दिशा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को सतना में आयोजित विंध्य व्यापार मेले के मंच से विंध्य क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सतना विंध्य क्षेत्र में व्यापार और उद्योग का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है और विंध्य व्यापार मेले का सफल आयोजन इस बात का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने सतनावासियों को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

mohan yadaV
mohan yadaV Photograph: (MPINFO)

सतना में बनेगा 100 एकड़ का नया इंडस्ट्रियल पार्क

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सतना में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश को सर्वसुविधायुक्त बनाना और विकास की दौड़ में सबसे आगे ले जाना है।

विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स को मिलेगी 8 एकड़ भूमि

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि विंध्य व्यापार मेले के स्थायी और बेहतर आयोजन के लिए विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स को 8 एकड़ भूमि दी जाएगी। इसके साथ ही सतना में व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पीपीपी मॉडल पर गीता भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई। इससे सतना को एक संगठित व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।

जिला स्तर पर होंगी सेक्टर आधारित इंडस्ट्री कॉन्क्लेव

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत उद्योग, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयां छू रहा है। इसी सोच के तहत मध्यप्रदेश में उद्योग-व्यापार को मजबूत करने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस पहल की सराहना की है। अब इन कॉन्क्लेव को जिला स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। पहले कटनी में खनन क्षेत्र पर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की गई थी और अब सतना में एमएसएमई सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी।

mohan yadaV

एयर कनेक्टिविटी और पर्यटन को भी बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विंध्य क्षेत्र में हवाई संपर्क को मजबूत किया गया है। सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप को बढ़ाकर 1800 मीटर किया जा रहा है, जिससे बड़े जेट विमान भी यहां उतर सकेंगे। उन्होंने कहा कि चित्रकूट धाम और शारदा माता मंदिर के कारण सतना धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने हेली सेवा और पीएमश्री एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं शुरू की हैं। नए वर्ष में प्रदेशवासियों को सरकारी बस सेवा की सौगात भी मिलने वाली है।

बजट दोगुना और रोजगार सृजन का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना कर लगभग सात लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। होटल व्यवसाय में 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है और रोजगार आधारित उद्योग लगाने पर श्रमिकों के वेतन में प्रति कर्मचारी पांच हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा प्रदेश के 32 लाख किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें बिजली बिल और अस्थायी कनेक्शन की समस्या से राहत मिल रही है।

सतना रोजगार और व्यापार का मजबूत केंद्र: गणेश सिंह

सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में सतना जीएसटी संग्रह में अग्रणी जिला है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश में 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। सतना में रोजगार और व्यापार को और मजबूती देने के लिए एमएसएमई सेक्टर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करना समय की मांग है। उन्होंने सतना को ऑटोमोबाइल विक्रय का भी बड़ा केंद्र बताया।

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री और सतना जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, चैंबर महामंत्री संदीप जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी 31 को: इस वर्ष दूसरी बार होगा आयोजन, रक्षामंत्री करेंगे धर्म ध्वजारोहण

मध्यप्रदेश में शीतलहर का कहर: मंदसौर सबसे ठंडा, भोपाल में पारा 4.6 डिग्री

दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की पुरानी तस्वीर साझा कर की भाजपा संगठन की तारीफ

टमाटर क्यों कहलाता है बेस्ट फल? जानिए सेहत का पूरा सच