राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने उज्जैन में अगला राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन आयोजित करने का दिया प्रस्ताव
भोपाल, 08 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने वस्त्र उद्योग को रोजगारपरक औद्योगिक विकास का प्रमुख आधार बनाया है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह बात असम के गुवाहाटी में आयोजित वस्त्र मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वस्त्र उद्योग न केवल आर्थिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और पहचान से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।
मध्यप्रदेश में 'लोकमाता' देवी अहिल्याबाई होलकर जी के काल से ही महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों जैसे उत्कृष्ट रेशमी वस्त्रों को प्रोत्साहन देने की समृद्ध परंपरा रही है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 8, 2026
माननीय केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री @girirajsinghbjp जी की गरिमामयी उपस्थिति में आज गुवाहाटी, असम में आयोजित 'वस्त्र… pic.twitter.com/r9k0hOc7Xq
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वस्त्र उद्योग को नई दिशा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का वस्त्र उद्योग परंपरा और आधुनिकता के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है। हथकरघा, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्त्रों के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक टेक्सटाइल और तकनीकी वस्त्रों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट को लेकर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
/filters:format(webp)/swadeshjyoti/media/media_files/2026/01/08/mohan-yadav-in-asaam-2026-01-08-19-43-33.jpg)
पीएम मित्र पार्क से मध्य प्रदेश को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश के धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन किया था। यह पार्क वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यहां टेक्सटाइल पार्क और उद्योगों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा, जिससे बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यह पार्क भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के संकल्प की दिशा में एक मजबूत कदम है।
वस्त्र उद्योग में मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति, संस्कार, संसाधन और विरासत की दृष्टि से मध्य प्रदेश वस्त्र उद्योग सहित अनेक क्षेत्रों में देश में अग्रणी रहा है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई के काल से ही महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों जैसे उत्कृष्ट वस्त्रों को संरक्षण और प्रोत्साहन मिलता रहा है। यह परंपरा आज भी जीवित है और राज्य सरकार इसे आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप आगे बढ़ा रही है।
रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से औद्योगिक विस्तार
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ाने के लिए संभाग और जिला स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया है। उज्जैन, रीवा, कटनी, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित कई जिलों में इन आयोजनों के माध्यम से उद्योगों को बढ़ावा मिला है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित हुए हैं। इससे प्रदेश के संतुलित औद्योगिक विकास को गति मिली है।
/filters:format(webp)/swadeshjyoti/media/media_files/2026/01/08/mohan-yadav-in-asaam-2026-01-08-19-43-47.jpg)
रेशम, ऑर्गेनिक कॉटन और टेक्सटाइल वैल्यू चेन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदापुरम क्षेत्र में हाई क्वालिटी मलबरी रेशम और ऑर्गेनिक कपास के उत्पादन को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश ऑर्गेनिक कॉटन, मैनमेड फाइबर और टेक्निकल टेक्सटाइल सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के खरगोन, बुधनी और अन्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों में टेक्सटाइल सेक्टर को विस्तार देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बना टेक्सटाइल सेक्टर
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल मिल, हैंडलूम और स्पिंडल्स के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ दशक में टेक्सटाइल सेक्टर की वैल्यू चेन में राज्य सरकार ने 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किया है, जिससे भविष्य में लाखों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
2026 में नए संकल्पों के साथ विकास की तैयारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2026 में मध्य प्रदेश नए संकल्पों के साथ विकास की उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। वस्त्र उद्योग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, सरल नीतियां और मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उज्जैन में राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी जुलाई 2026 में भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन में मध्य प्रदेश सरकार भागीदार बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से आग्रह किया कि अगला राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि उज्जैन ऐतिहासिक रूप से वस्त्र उद्योग का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और यहां सम्मेलन आयोजित करना गौरव की बात होगी।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने की मध्य प्रदेश की सराहना
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदेश में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने धार में बन रहे देश के पहले पीएम मित्र पार्क के निर्माण कार्य की प्रगति की भी प्रशंसा की। सम्मेलन में मौजूद प्रतिभागियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
/filters:format(webp)/swadeshjyoti/media/media_files/2026/01/08/mohan-yadav-in-asaam-2026-01-08-19-44-14.jpg)
प्रदर्शनी और टेक्सटाइल एटलस का विमोचन
दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के वस्त्र उद्योग की शक्ति, नवाचार और समृद्ध विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही इंडिया टेक्सटाइल एटलस स्टेट कॉम्पेंडियम 2025 का विमोचन भी किया गया। सम्मेलन का आरंभ राष्ट्रगान जन-मन-गण के सामूहिक गान के साथ हुआ।
सम्मेलन का उद्देश्य और भविष्य की दिशा
उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश के वस्त्र उद्योगों के समग्र विकास और विस्तार को गति देना है। इसमें पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प से लेकर आधुनिक टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, तकनीकी वस्त्र और निर्यात संभावनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया जा रहा है। निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, नवाचार, कौशल विकास और राज्यों के बीच सहयोगात्मक मॉडल पर चर्चा के माध्यम से भारत के वस्त्र उद्योग को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
✨ स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!
सड़क हादसे के पीड़ितों के लिए कैशलेस इलाज योजना जल्द: नितिन गडकरी
आवारा कुत्तों पर सुनवाई: जस्टिस नाथ ने कहा- अनुभव से बोल रहा हूं
बॉर्डर-2 के गाने पर वरुण धवन का उड़ा मजाक, निगेटिव पीआर कैंपेन का दावा
रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की जीत, एशेज सीरीज 4-1 से अपने नाम की
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071157234z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-56.png)
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071151025z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-50.png)
/swadeshjyoti/media/media_files/2026/01/08/mohan-yadav-in-asaam-2026-01-08-19-43-21.jpg)