दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य, सिंचाई, सड़क, शिक्षा और खेल अधोसंरचना को मिलेगी नई गति

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के लिए जीवनरेखा सिद्ध होगी और इससे क्षेत्र के एक-एक खेत तथा इंच-इंच जमीन तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे और वर्षों से जल संकट झेल रहे किसानों को स्थायी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को सागर जिले के खुरई में 312 करोड़ रुपए की लागत से 86 विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार कृषि, पशुपालन, सिंचाई और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन की वृद्धि दर लगभग 9 प्रतिशत है, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए डेयरी क्षेत्र को प्रोत्साहन दिया जा रहा है और 25 गायों के साथ डेयरी स्थापित करने पर 40 लाख रुपए की योजना में 10 लाख रुपए का अनुदान सरकार द्वारा दिया जा रहा है।

MOHAN YADAV IN KHURAI

सिंचाई और कृषि को मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि भावांतर योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, वहीं विभिन्न सिंचाई परियोजनाएं आने वाले समय में कृषि को नई मजबूती देंगी। उन्होंने बताया कि 429 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित बीना नदी परियोजना से लगभग 90 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के सूखे इलाकों को हराभरा बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

खुरई क्षेत्र के लिए बड़ी विकास घोषणाएं

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुरई क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राहतगढ़ से खुरई रोड का निर्माण 500 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खुरई कृषि महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे कृषि शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र में दो सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे और रजवास में 133 केवी का विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि युवाओं के कौशल विकास के लिए नवीन आईटीआई शुरू कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा और मालथौन में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने मंच से ही रिमोट के माध्यम से 312 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया तथा उपस्थित जनसमुदाय पर पुष्पवर्षा कर दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।

MOHAN YADAV IN KHURAI

बुंदेलखंड की सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत पर जोर

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड वीरों, महावीरों और दानवीरों की धरती रही है और इस क्षेत्र पर भगवान तथा पूर्वजों की विशेष कृपा रही है। उन्होंने बुंदेलखंड को स्थापत्य कला का तीर्थ बताते हुए कहा कि खजुराहो और ओरछा जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को देखने देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। प्रदेश सरकार पर्यटन विकास को प्राथमिकता दे रही है और जहां-जहां भगवान कृष्ण के चरण पड़े हैं, उन स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी क्रम में चित्रकूट धाम के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

खुरई में भव्य रोड शो, जनसैलाब उमड़ा

मुख्यमंत्री के खुरई आगमन पर बुंदेली परंपरा के अनुसार उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। लगभग छह किलोमीटर लंबे रोड शो में नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक उमड़े। जगह-जगह मलखंभ के आकर्षक प्रदर्शन, पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। कई स्थानों पर नागरिकों ने घरों की छतों और जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

रोड शो मार्ग पर 151 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए थे, जिन्हें रंग-बिरंगे तोरण द्वार, रंगोली और फूलों से सजाया गया था। लोगों ने दीप जलाए, कलश रखे और आरती उतारकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जिससे पूरा खुरई नगर उत्सव में डूबा नजर आया।

बुंदेलखंड तेज विकास की ओर अग्रसर

कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में बुंदेलखंड क्षेत्र तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, उद्योग और रोजगार के नए अवसर इस क्षेत्र को समृद्ध बना रहे हैं। खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने भी कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कृषि, नवाचार और सांस्कृतिक पुनरुद्धार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

इस्कॉन ने सनातन मूल्यों और भगवद्गीता के संदेश को विश्व में पहुंचाया: सरसंघचालक मोहन भागवत

परीक्षा पे चर्चा 2026 ने रचा इतिहास: 4 करोड़ से अधिक पंजीकरण, पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त

इंडिया वन एयर का विमान राउरकेला के पास आपात लैंडिंग को मजबूर, बड़ा हादसा टला

ईरानी गैंग का सरगना व कुख्यात बदमाश राजू ईरानी सूरत में गिरफ्तार, पूछताछ करने भोपाल पुलिस रवाना