बारामती में हुए हादसे को महाराष्ट्र और देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया

नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के बारामती में आज सुबह हुए विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राष्ट्रीय दलों के नेताओं और सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने एक स्वर में इसे न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश की राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया।

राष्ट्रपति का शोक संदेश: विकास और सहकारी क्षेत्र में योगदान को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि बारामती में हुई विमान दुर्घटना में अजित पवार सहित कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने अजित पवार के असामयिक निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र के विकास, विशेषकर सहकारी क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। राष्ट्रपति ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों को इस आघात को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की संवेदनाएं: आमजन से जुड़े नेता को खोने का दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजित पवार के साथ साझा की गई तस्वीर के साथ अपने शोक संदेश में कहा कि बारामती में हुए इस विमान हादसे से वे अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि अजित पवार आमजन के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर से गहरा जुड़ाव था और वे महाराष्ट्र की सेवा में सदैव अग्रणी रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे एक दुखद हादसा बताते हुए कहा कि बीते साढ़े तीन दशकों में अजित पवार ने महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए स्वयं को समर्पित रखा। उन्होंने इसे एनडीए परिवार के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया।

केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिक्रिया: सार्वजनिक जीवन में बड़ी रिक्तता
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अजित पवार का आकस्मिक निधन अत्यंत हृदयविदारक है। वर्षों तक साथ काम करने के दौरान उनके साथ गहरा संबंध रहा और वे दूरदर्शी प्रशासक तथा विकासशील सोच वाले नेता थे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अजित पवार महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे और लोगों के प्रति उनकी करुणा सदैव स्मरणीय रहेगी।

कांग्रेस और विपक्षी नेताओं का शोक: भविष्य की राजनीति के लिए क्षति
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विमान हादसे को स्तब्ध करने वाला बताते हुए कहा कि अजित पवार एक ऐसे नेता थे जिनके सामने लंबा और प्रभावशाली राजनीतिक भविष्य था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अजित पवार और उनके सहयात्रियों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और इस शोक की घड़ी में वे महाराष्ट्र की जनता के साथ खड़े हैं।

भाजपा और एनडीए का संदेश: जनसेवा के प्रति समर्पित नेता
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा कि दशकों तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हुए अजित पवार ने महाराष्ट्र के विकास और जनहित को प्राथमिकता दी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि उनका अचानक जाना सार्वजनिक जीवन में अपूरणीय क्षति है और महाराष्ट्र के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

अन्य राज्यों और सार्वजनिक जीवन से प्रतिक्रियाएं
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इसे सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की। उद्योगपति गौतम अदाणी ने अजित पवार के प्रगतिशील दृष्टिकोण और युवाओं के भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों के महाराष्ट्र को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। संसद परिसर में भाजपा सांसद अरुण गोविल और रवि किशन ने भी इस हादसे को देश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया।

हादसे के बाद की स्थिति
उल्लेखनीय है कि यह विमान हादसा बारामती में लैंडिंग के दौरान हुआ। सूचना मिलते ही राज्य के वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। पूरे महाराष्ट्र में शोक का माहौल है और राजनीतिक गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

ग्लोबल फायर पावर रैंकिंग: भारत चौथी बड़ी सैन्य शक्ति ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान 14वें नंबर पर

संसद का बजट सत्र 2026: पहली बार रविवार को पेश होगा केंद्रीय बजट

अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास, ग्लोबल टूर और इंडिपेंडेंट म्यूजिक में करेंगे काम

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन, बारामती एयरपोर्ट पर हुआ हादसा