45 वर्षों के इतिहास में पहली बार इतनी कम उम्र का अध्यक्ष, संगठन पर्व की प्रक्रिया पूर्ण
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पार्टी के गठन के 45 वर्षों में पहली बार 45 वर्ष की आयु के नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नितिन नबीन को निर्विरोध भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की पूरी संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया के समापन के बाद इस पर औपचारिक मुहर लगी। पार्टी की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया कि संगठन पर्व के अंतर्गत निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करते हुए यह चुनाव सम्पन्न हुआ है।
संगठन पर्व के तहत पूरी हुई संवैधानिक प्रक्रिया
भाजपा की ओर से बताया गया कि संगठन पर्व के अंतर्गत देश के 36 में से 30 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव सम्पन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने घोषणा की कि जांच के बाद सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए और नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के पश्चात केवल एक ही नाम, नितिन नबीन का प्रस्तावित रह गया। इसी के साथ यह स्पष्ट हो गया कि नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं।
शीर्ष नेतृत्व का खुला समर्थन
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन के नामांकन को शीर्ष नेतृत्व का पूरा समर्थन प्राप्त रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके समर्थन में प्रस्ताव पत्र सौंपे। नामांकन के समय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू जैसे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इससे साफ संकेत मिला कि संगठन में नितिन नबीन को लेकर व्यापक सहमति बनी हुई है।
मध्यप्रदेश से मिला मजबूत समर्थन
नितिन नबीन के नामांकन में मध्यप्रदेश की अहम भूमिका रही। मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत राज्य के 20 नेताओं ने उनके प्रस्तावक के रूप में दस्तखत किए। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता पहले ही दिल्ली पहुंच चुके थे और दो दिनों तक राजधानी में ही मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि प्रस्तावक बने कई नेताओं को भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिल सकता है। ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ अंचल से सबसे अधिक प्रस्तावक सामने आए, जबकि अन्य क्षेत्रों से भी संतुलन साधते हुए नेताओं को शामिल किया गया।
देशभर से समर्थन, राष्ट्रीय स्तर पर सहमति
नितिन नबीन के समर्थन में विभिन्न राज्यों से नामांकन पत्र जमा किए गए। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू सहित कई राज्य नेताओं ने समर्थन पत्र सौंपे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी उपस्थित रहे। बिहार, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, झारखंड समेत अनेक राज्यों से आए नेताओं ने नितिन नबीन के पक्ष में एकजुटता दिखाई।
मोदी-शाह के भरोसे पर खरे उतरे नबीन
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने जाने के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का भरोसा अहम कारण रहा। संगठनात्मक अनुभव, जमीनी पकड़ और युवा नेतृत्व को आगे लाने की सोच के तहत उनके नाम पर सहमति बनी। बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नबीन को दिसंबर 2025 में पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद से ही उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व की दौड़ में मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
आज होगा औपचारिक शपथ ग्रहण
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन आज सुबह 11:30 बजे औपचारिक रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री मौजूद रहेंगे। यह समारोह पार्टी के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
पांच बार विधायक, संगठन के मजबूत स्तंभ
नितिन नबीन को बिहार के एक अनुभवी और मजबूत संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पहली बार बिहार विधानसभा में प्रवेश किया था। संगठनात्मक कामकाज में उनकी सक्रिय भूमिका और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अब उन्हें पार्टी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी में उम्मीद की जा रही है कि युवा अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा।
✨ स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!
मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने दावोस में वैश्विक निवेशकों से की मुलाकात, मुख्यमंत्री 20 को पहुंचेंगे
मध्यांचल उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले– युवाओं को सक्षम बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता
नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, कल संभालेंगे पद
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071157234z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-56.png)
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071151025z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-50.png)
/swadeshjyoti/media/media_files/2025/12/27/nitin-nabeen-2025-12-27-21-20-16.jpg)