उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में कोहरा और शीतलहर
देश के उत्तर और मध्य भारत में इन दिनों जबरदस्त ठंड पड़ रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में सर्दी का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। साथ ही घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुल 38 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और जैसलमेर में घना कोहरा छाया रहा। गंगानगर में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री दर्ज हुआ। सीकर के फतेहपुर में रात का तापमान 4 डिग्री तक गिर गया, जो सबसे ठंडी जगह रही।
मध्य प्रदेश में भी शीतलहर का असर दिखा। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, ग्वालियर सहित 22 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से ट्रेन और फ्लाइट भी लेट हो रही हैं। छतरपुर के नौगांव में विजिबिलिटी बहुत कम रही।
उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर
उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह 19 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। लखनऊ, गोंडा, संभल, चंदौसी जैसे इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। अयोध्या, लखीमपुर खीरी और बुलंदशहर में तापमान 8 डिग्री रहा।
दिल्ली में प्रदूषण और उड़ानें रद्द
दिल्ली में धुंध और प्रदूषण दोनों ने लोगों को परेशान कर रखा है। कोहरे की वजह से IGI एयरपोर्ट से 10 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। मंगलवार को दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां AQI 378 दर्ज किया गया। लाहौर पहले और बोस्निया का सरायेवो दूसरे स्थान पर रहा।
हरियाणा, बिहार और उत्तराखंड का हाल
हरियाणा के कई जिलों में सुबह घना कोहरा रहा। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद और रोहतक समेत 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान और गिर सकता है।
बिहार के कई जिलों में भी कोहरा छाया रहा। पटना, बेतिया, गोपालगंज और सीतामढ़ी में सुबह विजिबिलिटी कम रही। बांका में कोहरे के कारण दो बाइक टकरा गईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। समस्तीपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी घना कोहरा देखने को मिला। पहाड़ी इलाकों में पाला पड़ा। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
छत्तीसगढ़ में भी ठंड बढ़ी
छत्तीसगढ़ में भी ठंड और कोहरे का असर दिख रहा है। रायपुर के अमलेश्वर इलाके में सुबह घना कोहरा रहा। सरगुजा संभाग में विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 20 मीटर तक रह गई। आने वाले दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है। देश के कई हिस्सों में ठंड, कोहरा और शीतलहर ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।
मेसी कार्यक्रम में अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई: डीजी और सीपी को नोटिस, डीसीपी निलंबित
आध्यात्मिक शांति की तलाश में वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का, संत प्रेमानंद से किया आशीर्वाद ग्रहण
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071157234z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-56.png)
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071151025z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-50.png)
/swadeshjyoti/media/media_files/2025/12/17/delhi-4_1673326375-2025-12-17-11-17-40.jpg)