मुख्यमंत्री ने जन्मदिन पर साधु-संतों एवं गो-माता का लिया आशीर्वाद
भोपाल/आगरमालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन पर प्रदेश के सबसे बड़े गो-अभयारण्य सालरिया (सुसनेर) में साधु-संतों एवं गो-माता का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की सभी बड़े नगरीय निकायों में 10-10 हजार गो-वंश की क्षमता वाली गोशालाएं बनाई जाएंगी। इसके साथ ही पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन पर प्रति लीटर ₹5 बोनस देने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। उन्होंने सालरिया में 6100 शुद्ध घी से बने लड्डू गो-माताओं को भोग स्वरूप अर्पित किए और क्षेत्र में 58 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।
गो-अभयारण्य में मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सालरिया गो-अभयारण्य पहुंचने पर साधु-संतों और गोभक्तों ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने वेद मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन किया और गो-कथा के समापन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की गो-शालाओं के लिए आहार अनुदान राशि को ₹20 से बढ़ाकर ₹40 करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने घर में 10 से अधिक गोवंश पालेगा, उसे भी सरकार अनुदान राशि देगी।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में देश के कुल दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी 9% है। इसे बढ़ाकर 20% करने के लिए नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से नई योजनाएं चलाई जाएंगी। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ेगी।
हर घर को ‘गोकुल’ बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गो-माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा, “जो गाय पालते हैं, वे सभी गोपाल हैं, और जिन घरों में गाय होती हैं, वे ‘गोकुल’ कहलाते हैं। हमें हर घर को गोकुल बनाने की दिशा में काम करना होगा।”
सिंहस्थ 2028 को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की भव्यता में कोई कमी नहीं रहेगी और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) लिंक परियोजना के तहत जिले के किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे कृषि क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा और किसानों की उपज में बढ़ोतरी होगी।
क्षेत्रीय विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से सरकार ने ‘रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव’ और ‘वैश्विक निवेशक सम्मेलन’ (GIS) का आयोजन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन प्रयासों के चलते प्रदेश में 30 लाख 77 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।
गो-अभयारण्य में पौधारोपण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन पर गो-अभयारण्य में आंवले का पौधा रोपित किया। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें। इस मौके पर 1008 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में शामिल गणमान्य लोग
इस अवसर पर पशुपालन मंत्री लखनसिंह पटेल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल, विधायक हरदीपसिंह डंग, विधायक आगर मधु गेहलोत, विधायक सुसनेर भैरूसिंह बापू, पूज्य परमहंस प्रज्ञानानंद महाराज, पूज्य स्वामी गोपालानंदजी सरस्वती महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी चौहान सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वदेश ज्योति के द्वारा।
और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!