नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट 2026 के दौरान शुक्रवार को राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी टी-शर्ट उतारकर विरोध जताया। उनके हाथों में सफेद रंग की टी-शर्ट थीं, जिन पर पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरें छपी थीं। इन पर अंग्रेजी में “PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड” लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में लगभग 15 से 20 कार्यकर्ता शामिल थे।

युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर विरोध का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि एआई समिट की भव्यता के पीछे सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता। पार्टी का कहना है कि जब राष्ट्रीय हितों से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखाई दें और विदेश नीति में नरमी स्पष्ट हो, तब विरोध करना लोकतांत्रिक दायित्व बन जाता है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना को साजिश करार दिया है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह प्रदर्शन योजनाबद्ध तरीके से किया गया। उन्होंने दावा किया कि इसकी रणनीति राहुल गांधी के आवास पर तैयार की गई थी, जहां सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं।

भाजपा ने कहा- कांग्रेस के लिए AI का मतलब एंटी-इंडिया

भाजपा ने AI समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की आलोचना की है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने X पर पोस्ट में लिखा- यह कांग्रेस के अहंकार और हताशा का प्रदर्शन है! राहुल गांधी के लिए भारत को अपमानित करना ही सरकार को निशाना बनाने का तरीका है।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने X पर कहा- कांग्रेस के लिए AI का मतलब एंटी-इंडिया है। यह INC नहीं, बल्कि एंटी-नेशनल कांग्रेस है। कांग्रेस राहुल गांधी के कहने पर विरोध कर रही है। यह भाजपा या प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन नहीं, यह भारत की उपलब्धियों के खिलाफ प्रदर्शन है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा- कांग्रेस ने भारत की छवी वैश्विक स्तर पर धूमिल की

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भारतीय युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज कांग्रेस पार्टी के युवा विंग ने भारत मंडपम में शर्मनाक घटना को अंजाम देने की कोशिश की। भारत की छवि को वैश्विक स्तर पर धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं... ये लोग देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करना चाहते हैं... जहां 100 से अधिक देशों के लोग भाग ले रहे हैं, वहां ये लोग अराजकता फैलाकर अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। हर भारतीय को इस घटना की निंदा करनी चाहिए... इसके पीछे जो भी लोग हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।"

समिट में वैश्विक भागीदारी

एआई समिट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य मानव कल्याण के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक सिद्धांतों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
समिट में करीब 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष, 60 से अधिक मंत्री और 45 से ज्यादा तकनीकी कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए। इसके अलावा 300 से अधिक प्रदर्शकों और 30 से ज्यादा देशों के थीम पवेलियन ने भी भागीदारी की, जो वैश्विक सहयोग और एआई के सकारात्मक उपयोग को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

केंद्र ने अनिवार्य की एआई कंटेंट पर लेबलिंग, आज से नियम लागू; डीप फेक कंटेंट 3 घंटे में हटाना होगा

डेयरी उत्पाद कितने फायदेमंद? जानें पोषण, फायदे और सावधानियां

कम उम्र में परिपक्व सोच: क्या यह आपकी बेटी की खास प्रतिभा है या किसी अंदरूनी चिंता का संकेत?

सिर्फ 1 दिन में बाल बनें रेशमी और चमकदार, जानिए हेयर मास्क लगाने का सही तरीका और जबरदस्त फायदे