Trending News

April 25, 2025 7:58 AM

‘मित्र विभूषण’ से सम्मानित हुए प्रधानमंत्री मोदी, बोले– यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का है

  • श्रीलंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान से सम्मानित किया
  • यह सम्मान उन देशों के राष्ट्रध्यक्षों को दिया जाता है, जिनके श्रीलंका के साथ दोस्ताना संबंध हैं
  • प्रधानमंत्री मोदी ने भी सम्मान मिलने पर खुशी जताई और कहा कि यह सभी देशवासियों का सम्मान है

कोलंबो। श्रीलंका ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान’ से नवाज़ा। यह श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसे केवल उन्हीं विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को दिया जाता है, जिन्होंने श्रीलंका के साथ गहरे और मित्रतापूर्ण संबंधों को मज़बूत किया हो। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने एक विशेष समारोह में प्रदान किया।

भारत-श्रीलंका संबंधों की गहराई का प्रतीक है यह सम्मान

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने जब प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान सौंपा, तब वह स्वयं उपस्थित थे और उन्होंने मोदी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। पीएम मोदी ने इस पर भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों की स्वीकृति है।” प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंका को आर्थिक संकट के समय भारत द्वारा दिए गए सहयोग की याद दिलाते हुए कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों के साथ मित्रता और सहयोग की भावना रखता है।

क्या है ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’ मेडल की खासियत?

  • इस सम्मान में एक विशेष चांदी का मेडल प्रदान किया जाता है जिसमें कई सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रतीक शामिल होते हैं:
  • धर्म चक्र: बौद्ध विरासत का प्रतीक, जो भारत-श्रीलंका की साझा परंपराओं को दर्शाता है।
  • पुन कलश: समृद्धि और नवीनीकरण का प्रतीक।
  • नवरत्न: दोनों देशों की अमूल्य और स्थायी मित्रता का प्रतिनिधित्व करते हैं।
  • सूर्य और चंद्रमा: अतीत से भविष्य तक फैले बंधन को दर्शाते हैं।

बुद्ध अवशेष, मंदिर जीर्णोद्धार और मछुआरों का मुद्दा भी आया चर्चा में

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को श्रीलंका दर्शन के लिए भेजने जा रहा है, जो दोनों देशों की आध्यात्मिक एकता को और मजबूत करेगा। साथ ही भारत त्रिंकोमाली स्थित थिरुकोनेश्वरम मंदिर के जीर्णोद्धार में भी सहयोग देगा। उन्होंने भारत-श्रीलंका के बीच मछुआरों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की और कहा कि “हमें मानवीय दृष्टिकोण से इन मामलों को सुलझाना चाहिए। हमने मछुआरों की शीघ्र रिहाई और उनकी नौकाओं को वापस भेजे जाने की दिशा में भी सहमति जताई है।”

भारत-श्रीलंका संबंध: विश्वास और सहयोग की नींव पर आधारित

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा कि भारत और श्रीलंका के संबंध पारंपरिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक आधारों पर बने हैं। यह सम्मान इन संबंधों को और प्रगाढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram