मेयर चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत

तिरुवनंतपुरम, 26 दिसंबर (हि.स.)। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम की राजनीति में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक मोड़ देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम की सत्ता पर कब्ज़ा जमाते हुए मेयर पद अपने नाम कर लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्षद वी.वी. राजेश ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर पद की शपथ ली। मेयर चुनाव में उन्हें कुल 51 मत प्राप्त हुए, जिसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट बहुमत के साथ यह पद हासिल किया।

यह जीत केवल एक नगर निगम चुनाव तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे केरल की राजनीति में भाजपा की बढ़ती पकड़ और राजधानी शहर में बदलते राजनीतिक समीकरणों के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा और निर्दलीय का मिला समर्थन

मेयर चुनाव में वी.वी. राजेश को भाजपा के सभी 50 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन प्राप्त हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एम.आर. गोपन ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि वी.जी. गिरि कुमार ने प्रस्ताव का समर्थन किया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कुल 97 वोट वैध पाए गए।

कांग्रेस के दो वोट हस्ताक्षर संबंधी त्रुटियों के चलते अमान्य घोषित कर दिए गए, जिससे मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो गई। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार के.एस. सबरीनाथन को 17 वोट, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के उम्मीदवार आर.पी. शिवाजी को 29 वोट प्राप्त हुए।

जिला कलेक्टर ने सौंपा सत्ता-चिन्ह

मतगणना पूरी होने के बाद जिला कलेक्टर ने स्वयं मेयर पद का सत्ता-चिन्ह वी.वी. राजेश को सौंपा। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया गया।

मेयर बनने के बाद क्या बोले वी.वी. राजेश

मेयर पद की शपथ लेने के बाद वी.वी. राजेश ने कहा कि तिरुवनंतपुरम शहर के समग्र और तेज़ विकास के लिए सभी दलों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे टकराव की राजनीति में विश्वास नहीं रखते, बल्कि शहर के हित में सामूहिक प्रयासों को प्राथमिकता देंगे।

उन्होंने कहा कि वे उस पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो देश की सत्ता में है, ऐसे में केंद्र सरकार के सहयोग से राजधानी तिरुवनंतपुरम के विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या, स्वच्छता, यातायात, बुनियादी नागरिक सुविधाओं और शहरी अधोसंरचना को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

वी.वी. राजेश का राजनीतिक सफर

वी.वी. राजेश का जन्म तिरुवनंतपुरम जिले के नेदुमंगड के पास करिपुर में हुआ। वे पिछले दो दशकों से तिरुवनंतपुरम में भाजपा का प्रमुख चेहरा रहे हैं। वे दूसरी बार नगर निगम के पार्षद चुने गए हैं। इससे पहले उन्होंने पूजप्पुरा वार्ड से जीत दर्ज की थी, जबकि हालिया चुनावों में कोडुंगनूर वार्ड से 515 मतों के बहुमत से विजयी हुए।

पेशे से वकील, 50 वर्षीय वी.वी. राजेश वर्तमान में भाजपा के प्रदेश सचिव हैं। वे पहले भाजपा तिरुवनंतपुरम जिला अध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एबीवीपी और युवा मोर्चा में लंबे समय तक संगठनात्मक भूमिका निभाई है।

विधानसभा चुनाव में भी आजमा चुके हैं किस्मत

वी.वी. राजेश ने वर्ष 2021 के केरल विधानसभा चुनाव में वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें सीपीआई (एम) के वी.के. प्रशांत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 39,596 वोट प्राप्त कर उन्होंने मजबूत दूसरा स्थान हासिल किया था। इसे भाजपा के बढ़ते जनाधार के संकेत के रूप में देखा गया था।

भाजपा की रणनीति और आगे की तैयारी

तिरुवनंतपुरम नगर निगम पर कब्ज़ा जमाने के बाद भाजपा ने राजधानी शहर में अपनी राजनीतिक रणनीति को और तेज कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तिरुवनंतपुरम दौरे की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री जनवरी के अंत तक राजधानी का दौरा कर सकते हैं और इस दौरान नगर निगम पार्षदों के साथ विशेष बैठक भी करेंगे।

भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान दावा किया था कि प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम नगर निगम के लिए विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि वी.वी. राजेश के नेतृत्व में शहर में बड़े स्तर पर शहरी विकास परियोजनाएं, केंद्र प्रायोजित योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

केरल की राजनीति में नए संकेत

राजधानी तिरुवनंतपुरम में भाजपा की यह जीत केरल की राजनीति में नए संकेत दे रही है। लंबे समय से कांग्रेस और वाम दलों के प्रभाव वाले इस राज्य में भाजपा की बढ़ती उपस्थिति को आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

सवा लाख से एक लड़ाऊँ : चमकौर को याद करने के दिन~ विजय मनोहर तिवारी

“साहस, धैर्य और बलिदान की अमर गाथा - साहिबज़ादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह"

कॉफी और शहद से चेहरे का कुदरती निखार, जानें आसान घरेलू तरीका

करीना–पृथ्वीराज की फिल्म ‘दायरा’ तैयार, 2026 में होगी रिलीज