मुंबई में वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम कॉन्फ्रेंस 2025 को संबोधित कर बोले मुख्यमंत्री, निवेशकों को हर स्तर पर मिलेगा मध्यप्रदेश सरकार का सहयोग


वैचारिक दूरदर्शिता से ही तय होती है राष्ट्र की आर्थिक दिशा

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि किसी भी राष्ट्र की सशक्त आर्थिक नीति और वैचारिक दूरदर्शिता ही उसके विकास की गति, स्थायित्व और भविष्य की दिशा तय करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीता दशक भारत की अर्थव्यवस्था के लिए स्वर्णिम काल रहा है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने इस अवधि में निरंतर प्रगति करते हुए नई ऊंचाइयों को छुआ है। मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को मुंबई में आयोजित वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम कॉन्फ्रेंस 2025 को संबोधित कर रहे थे।

तेजी से बदल रहा है मध्यप्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और राज्य निवेश, उद्योग, कृषि, ऊर्जा तथा पर्यटन के क्षेत्रों में मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कभी भी औद्योगिक बाधाओं की शिकायत नहीं रही है। निवेशकों के अनुकूल 18 नई औद्योगिक नीतियां, पारदर्शी शासन व्यवस्था और मजबूत आधारभूत संरचना ने मध्यप्रदेश को निवेशकों और नव उद्यमियों के लिए भरोसेमंद केंद्र बना दिया है।

L-Bhopal191225053346

निवेशकों की जरूरत के अनुसार सहयोग देगी सरकार

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार निवेशकों के साथ हर कदम पर खड़ी है। निवेशकों को न्यूनतम दरों पर भूमि, आवश्यक प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और हर तरह की प्रशासनिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों की जैसी जरूरत होगी, सरकार वैसी ही मदद करेगी। राज्य सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि निवेशकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना है।

मेक इन इंडिया से विकसित भारत तक का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर मेक इन इंडिया और विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है और इसमें मध्यप्रदेश की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योग और रोजगार को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है।

ग्वालियर में 25 दिसंबर को होंगे 2.5 लाख करोड़ के विकास कार्य

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि 25 दिसंबर को ग्वालियर में भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश में 2.5 लाख करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। उन्होंने सभी उद्योगपतियों और निवेशकों को ग्वालियर में आयोजित ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

भारत की आर्थिक प्रगति अभूतपूर्व

मुख्यमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, वह अभूतपूर्व है। सुदृढ़ नीतियों, संरचनात्मक सुधारों, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास ने देश को नई शक्ति दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

निवेश और विकास का नया केंद्र बना मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारत अब केवल उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि विश्व को दिशा देने वाली शक्ति बन चुका है। भारतीय परंपरा में अर्थ को केवल लाभ तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि लोक कल्याण और दीर्घकालिक समृद्धि से जोड़ा गया है। मध्यप्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग को केवल नीतियों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर उतारते हुए स्पीड, स्केल और स्किल ऑफ डूइंग में परिवर्तित किया है।

20 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां कर रहीं कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में 20 लाख 43 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं। बीते तीन वर्षों में 4 लाख 26 हजार से अधिक नई विनिर्माण इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 66 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ और एक करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर नीति और एपीजीसी-एक्सआर हब जैसी अभिनव नीतियां लागू की हैं। शीघ्र ही प्रदेश में स्पेस टेक नीति भी लागू की जाएगी।

वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ता भारत और मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम कॉन्फ्रेंस 2025 भारत की आर्थिक सोच, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक दृष्टि को एक मंच प्रदान कर रहा है। इससे देश और प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है। मध्यप्रदेश निवेश, नवाचार और आत्मनिर्भरता के साथ वैश्विक मंच पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!

भारत बनाम साउथ अफ्रीका लाइव ब्लॉग: अहमदाबाद में निर्णायक टी-20 मुकाबला

आज से भोपाल में दौड़ेगी मेट्रो रेल: मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे ऐतिहासिक शुभारंभ

तमिलनाडु में नर्सों का आंदोलन तेज: स्टालिन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, गिरफ्तारी के बाद भी जारी रहा धरना

हिजली से माउंटेन व्यू तक: सुंदर पिचाई से मिले आईआईटी खड़गपुर के निदेशक