- प्रदेश के 6 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया
नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर। राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं ने मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लू का असर बढ़ा दिया है। बुधवार को प्रदेश के 6 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजधानी भोपाल में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। वहीं, राजस्थान में भी गर्मी चरम पर पहुंच गई, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।
हल्की बारिश से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सीमावर्ती जिलों में तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। गुरुवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा समेत 10 राज्यों में आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्मी जारी रहेगी।
इस साल हीटवेव के बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव के दिनों की संख्या दोगुनी हो सकती है। आमतौर पर यह 5-6 दिन तक चलती है, लेकिन इस बार यह 10-12 दिन तक बनी रह सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी और मध्य भारत में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की आशंका है।
हीटवेव प्रभावित राज्यों की सूची
भारत में 13 राज्यों को हीटवेव प्रभावित क्षेत्र माना जाता है, जिनमें राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र (विदर्भ क्षेत्र), पश्चिम बंगाल का गंगा तटीय क्षेत्र, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं।