Trending News

March 24, 2025 2:52 AM

बागेश्वर धाम में 251 जोड़ों का सामूहिक विवाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं

bageshwar-dham-mass-wedding-president-murmu-blessings

खजुराहो। मध्यप्रदेश के खजुराहो स्थित बागेश्वर धाम में 251 जोड़ों का सामूहिक विवाह महोत्सव आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिरकत की और नवदम्पतियों को आशीर्वाद दिया। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, गायक सोनू निगम, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह, अभिनेता पुनीत वशिष्ठ और डब्ल्यूडब्ल्यूई पहलवान द ग्रेट खली भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति ने संतों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

बागेश्वर धाम पहुंचने पर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हनुमान यंत्र भेंट किया। राष्ट्रपति ने बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा—
“यह बहुत प्रसन्नता का अवसर है कि वर-वधु को जीवन यापन के लिए आवश्यक सामग्री और स्वावलंबन के साधन दिए जा रहे हैं। संतों ने सदियों से समाज को सही दिशा दिखाई है, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई है और महिलाओं को सम्मान दिलाने का कार्य किया है। आज हम एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहे हैं।”

उन्होंने महिलाओं से शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपनी ज्ञान परंपरा को मानव कल्याण के लिए इस्तेमाल करने की जरूरत है।

जातिगत विषमताओं के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक: मुख्यमंत्री

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह विवाह समारोह जातिगत भेदभाव के खिलाफ एक बड़ा संदेश है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा—
“यहां साधु, सत्ता और समाज की त्रिवेणी एकत्र हुई है। यह आयोजन जातिगत व्यवस्था को तोड़ते हुए एक नए समाज की नींव रख रहा है। बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र शास्त्री ने 251 दूल्हों के लिए घोड़े जुटाए, जो अपने आप में एक अनूठा प्रयास है।”

उन्होंने कहा कि यह आयोजन “वासुदेव कुटुंबकम” के सिद्धांत को साकार कर रहा है और समाज में समरसता का संदेश दे रहा है।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विशाल आयोजन

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस समारोह में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के सुखी जीवन की कामना की और बागेश्वरधाम जनसेवा समिति को इस प्रयास के लिए धन्यवाद दिया।

इस भव्य आयोजन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 3:10 बजे वडोदरा के लिए रवाना हो गईं।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram