• भारत और नामीबिया के बीच मजबूत होते संबंधों की एक नई इबारत लिखी गई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया की सरकार ने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ प्रदान किया है। यह सम्मान उन्हें बुधवार को एक विशेष समारोह में नामीबिया की राष्ट्रपति नेतुम्बो नंदी-डैतवाह द्वारा दिया गया। यह पहली बार है जब किसी भारतीय नेता को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। इस सम्मान के जरिए भारत और नामीबिया के बीच मजबूत होते संबंधों की एक नई इबारत लिखी गई है।

सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया

सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के 1.4 अरब नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, "मैं लोकतंत्र की जननी भारत का प्रतिनिधि बनकर यहां खड़ा हूं। आपके इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करता हूं और भारत की जनता की शुभकामनाएं आपके साथ लेकर आया हूं।" उन्होंने नामीबिया की राष्ट्रपति और वहां की जनता का दिल से धन्यवाद किया।

क्या है ‘वेल्वित्शिया मिराबिलिस’?

यह सम्मान नामीबिया में पाए जाने वाले एक खास पौधे ‘वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ के नाम पर रखा गया है, जो रेगिस्तानी वातावरण में भी सदियों तक जीवित रहता है। यह पौधा नामीबिया की जिजीविषा और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है।

पीएम मोदी को मिला 27वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान

नामिबिया का यह सर्वोच्च सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को मिला 27वां अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड है। यह सम्मान उनकी हालिया पांच देशों की विदेश यात्रा के दौरान मिला चौथा सम्मान है और पिछले 24 घंटों में दूसरा। लगातार मिल रहे यह वैश्विक सम्मान न सिर्फ पीएम मोदी की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता को दर्शाते हैं, बल्कि भारत की वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा को भी प्रमाणित करते हैं।

इन देशों से भी मिल चुके हैं सम्मान

प्रधानमंत्री मोदी को इससे पहले भी संयुक्त अरब अमीरात, रूस, फ्रांस, सऊदी अरब, अफगानिस्तान, बहरीन, मालदीव, फिलिस्तीन समेत कई देशों से उनके नेतृत्व और वैश्विक योगदान के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं।