• अहमदाबाद की गलियां बनीं नदी, कुल्लू में 2 हजार पर्यटक फंसे, डैम से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी

नई दिल्ली/अहमदाबाद/शिमला। देश के तीन राज्यों—गुजरात, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान—में मानसून ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। गुजरात की वाणिज्यिक राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को लगातार 12 घंटे से तेज बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए। वहीं, हिमाचल के पर्वतीय इलाकों में बादल फटने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई है और हजारों पर्यटक फंस गए हैं।

अहमदाबाद में बाढ़ जैसे हालात, डूब गईं सड़कें

अहमदाबाद शहर के मणिनगर, वटवा, निकोल, ओधव, सिटीएम, हाटकेश्वर और विराटनगर जैसे क्षेत्रों में पानी भर गया। शहर की निचली बस्तियों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। कई क्षेत्रों में वाहन बह गए। सबसे दर्दनाक घटना तब सामने आई जब एक बाइक सवार युवक बारिश के बहाव में बहकर ड्रेनेज लाइन में जा फंसा। दमकल विभाग ने करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव 200 फीट दूर से बरामद किया। शहर में इस मानसून सीजन में अब तक 6.03 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है।

सूरत भी बेहाल, गर्भवती महिला को रेस्क्यू किया

सूरत में भी लगातार तीसरे दिन जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गीतानगर क्षेत्र में 3 से 4 फीट पानी भरने से जनजीवन प्रभावित है। एक गर्भवती महिला को बिगड़ती तबीयत के चलते फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

हिमाचल में बादल फटा, 2 की मौत, 2000 टूरिस्ट फंसे

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा और मनाली क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में बादल फटने की कम से कम 5 घटनाएं हुईं। इनमें जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ (गढ़सा घाटी), स्त्रो गैलरी (मनाली), होरनगढ़ (बंजार), और खनियारा (धर्मशाला) प्रमुख हैं। इन घटनाओं से अचानक बाढ़ आ गई और कई लोग बह गए। दो शव बरामद किए गए हैं। कुल्लू जिले में करीब दो हजार पर्यटक फंसे हैं। प्रशासन ने डैम से पानी छोड़े जाने की चेतावनी जारी की है और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

राजस्थान में बांसवाड़ा सबसे ज्यादा भीगा

मानसून की तेज़ बौछारों ने राजस्थान को भी अपने घेरे में ले लिया है। बांसवाड़ा जिले में गुरुवार को एक ही दिन में 8 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों में रास्ते बंद हो गए हैं। हालांकि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन अलर्ट पर है।

मौसम विभाग का अलर्ट: अगले 48 घंटे संवेदनशील

भारतीय मौसम विभाग ने तीनों राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे में भारी बारिश और भूस्खलन की संभावना जताई गई है। निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।