श्रीनगर/कटरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के लिए ऐतिहासिक यातायात परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किया और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर तक पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कदम न केवल घाटी को देश के बाकी हिस्सों से तेज़, सुरक्षित और आधुनिक तरीके से जोड़ता है, बल्कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार देने वाला है।

चिनाब ब्रिज: इंजीनियरिंग का चमत्कार
चिनाब नदी पर बना यह ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल है। यह ब्रिज समुद्र तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जो एफिल टावर से भी ऊंचा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके राष्ट्र को समर्पण के साथ ही इस परियोजना को ‘21वीं सदी के भारत की इंजीनियरिंग क्षमता का प्रतीक’ बताया।
वंदे भारत का स्वागत, यात्रियों में उत्साह
पीएम मोदी द्वारा शुक्रवार को हरी झंडी दिखाने के बाद, शनिवार को आम नागरिकों ने पहली बार इस ट्रेन में सफर किया। कटरा से श्रीनगर तक की यह हाई-स्पीड रेल सेवा यात्रियों के लिए एक राहतभरी शुरुआत है।
कटरा से श्रीनगर पहुंचे यात्री महेश कुमार ने बताया, “यह सुविधा शानदार है। यह हवाई यात्रा का सस्ता और सुविधाजनक विकल्प है। इससे कश्मीर के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी।”
वहीं श्रीनगर से कटरा जा रही यात्री नीतू कपूर ने कहा, “कई वर्षों से हम चाहते थे कि कश्मीर तक भी वंदे भारत ट्रेन पहुंचे। अब हमारा सपना पूरा हुआ। पहले कटरा जाने में छह घंटे लगते थे, अब यह दूरी तीन घंटे में तय होगी।”
ट्रेन का शेड्यूल और किराया
दोनों वंदे भारत ट्रेनों का संचालन नियमित रूप से होगा।
- ट्रेन संख्या 26041 सुबह 8:10 बजे कटरा से रवाना होकर 10:00 बजे बनिहाल और 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 26403 दोपहर 2:55 बजे कटरा से रवाना होकर शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
वापसी में:
- 26402 श्रीनगर से दोपहर 2:00 बजे रवाना होगी और 5:05 बजे कटरा पहुंचेगी।
- 26404 सुबह 8:00 बजे श्रीनगर से रवाना होकर 11:05 बजे कटरा पहुंचेगी।
किराया:
- चेयर कार का किराया ₹715
- एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया ₹1320 (सभी टैक्स सहित)

जम्मू-कश्मीर को मिली चौथी वंदे भारत ट्रेन
इन नई ट्रेनों के साथ जम्मू-कश्मीर में वंदे भारत की कुल संख्या चार हो गई है। पहले से ही दो वंदे भारत ट्रेनें नई दिल्ली से कटरा के बीच संचालित हो रही हैं। नई सेवाओं के साथ श्रीनगर की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है।
भविष्य के लिए संभावनाएं
वंदे भारत ट्रेन और चिनाब ब्रिज की शुरुआत जम्मू-कश्मीर को शेष भारत से बेहतर ढंग से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर है। यह केवल एक यात्रा सुविधा नहीं, बल्कि कश्मीर के विकास और समावेशी भविष्य की नई इबारत है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!