July 30, 2025 5:56 PM

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन: चार श्रद्धालु घायल, कई फंसे; राहत कार्य जारी

  • घटना में चार श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की सूचना है
  • भूस्खलन रियासी जिले के कटरा स्थित पुराने यात्रा मार्ग पर सुबह लगभग 8:50 बजे हुआ

जम्मू। माता वैष्णो देवी की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए सोमवार सुबह उस समय संकट खड़ा हो गया जब यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हो गया। इस घटना में चार श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की सूचना है। राहत और बचाव कार्य जारी है। यह भूस्खलन रियासी जिले के कटरा स्थित पुराने यात्रा मार्ग पर सुबह लगभग 8:50 बजे हुआ। घटना स्थल बाणगंगा के पास ‘गुलशन का लंगर’ क्षेत्र है, जो यात्रा का प्रारंभिक बिंदु माना जाता है और जहां से अधिकतर श्रद्धालु और टट्टू सवार यात्रा शुरू करते हैं। अधिकारियों के अनुसार, त्रिकुटा पहाड़ियों पर हो रही लगातार भारी बारिश के चलते यह भूस्खलन हुआ। इससे मार्ग पर बड़ी चट्टानें और मलबा आ गया, जिससे कुछ समय के लिए रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

घायलों का उपचार जारी, यात्रा मार्ग पर एहतियात

भूस्खलन में घायल श्रद्धालुओं को तुरंत कटरा के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के मद्देनज़र टट्टू चालकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सीमित कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, जैसे ही मौसम सामान्य होगा और रास्ता पूरी तरह से साफ कर दिया जाएगा, यात्रा को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। आपदा प्रबंधन और श्राइन बोर्ड की टीम मौके पर तैनात है और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास कर रही है।

पिछले कुछ दिनों से हो रही है भारी बारिश

जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram