यूपीएससी-2024: आयुषी बंसल ने संघर्ष से रचा इतिहास, देश में सातवां स्थान; प्रयागराज की शक्ति दुबे बनीं टॉपर

भोपाल/नई दिल्ली।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा-2024 का फाइनल परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया, जिसमें देशभर से चयनित युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। इस बार उत्तर प्रदेश की शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त कर टॉप किया, वहीं मध्यप्रदेश की ग्वालियर निवासी आयुषी बंसल ने सातवां स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया।

कठिन संघर्ष से सफलता तक का सफर: आयुषी बंसल

ग्वालियर की आयुषी बंसल का जीवन प्रेरणा की मिसाल है। जब वह सिर्फ 9 साल की थीं, तब उनके पिता का निधन हो गया था। माता एलआईसी में कार्यरत रहीं और आयुषी ने पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। स्कूली शिक्षा के बाद वह आईआईटी की तैयारी के लिए दिल्ली गईं और बाद में प्रतिष्ठित निजी कंपनी मैकेंजी एंड कंपनी में नौकरी की। लेकिन देश सेवा का सपना उन्हें यूपीएससी की ओर खींच लाया।

आयुषी ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग के जरिए तैयारी की और 2022 में नौकरी छोड़ दी। पहले प्रयास में वह आईपीएस बनीं और कर्नाटक कैडर मिला। इसके बाद भी पढ़ाई जारी रखी। 2023 में उन्हें 97वीं रैंक मिली थी और अब 2024 में 7वीं रैंक पाकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि लगन और मेहनत से कोई भी सपना साकार हो सकता है।

publive-image

माधव, रोमिल और क्षितिज ने भी बढ़ाया मध्यप्रदेश का मान

ग्वालियर के ही माधव अग्रवाल ने यूपीएससी-2024 में 16वीं रैंक हासिल की। सीए की परीक्षा में पहले ही टॉप कर चुके माधव ने बताया कि मन में देश सेवा की कसक थी, इसीलिए यूपीएससी की राह चुनी।
रोमिल द्विवेदी ने 27वीं और ऋषभ चौधरी ने 28वीं रैंक प्राप्त की।
भोपाल के क्षितिज आदित्य शर्मा ने भी 58वीं रैंक प्राप्त कर राजधानी का नाम रोशन किया।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा,
"यह सफलता आपके अथक परिश्रम, धैर्य एवं समर्पण का प्रतिफल है। आप संवेदनशीलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें—इसी शुभकामना के साथ।"

देश की टॉपर: शक्ति दुबे

इस बार पूरे देश में प्रथम स्थान प्रयागराज की शक्ति दुबे ने हासिल किया है। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक और बीएचयू से आगे की पढ़ाई की। उनके वैकल्पिक विषय राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध रहे।

टॉप 10 में शामिल हुए ये नाम

  1. शक्ति दुबे
  2. हर्षिता गोयल
  3. डोंगरे अर्चित पराग
  4. शाह मार्गी चिराग
  5. आकाश गर्ग
  6. कोमल पुनिया
  7. आयुषी बंसल
  8. राज कृष्ण झा
  9. आदित्य विक्रम
  10. मयंक त्रिपाठी
https://swadeshjyoti.com/upsc-civil-services-2024-final-result-topper/