नाइट क्लब आग में 25 मौतों के आरोपी आज ही दिल्ली पहुंचेंगे, सीबीआई की टीम लेकर रवाना

नई दिल्ली। गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपियों लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड ने भारत को सौंप दिया है। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो की टीम दोनों आरोपियों को लेकर फ्लाइट से भारत के लिए रवाना हो चुकी है। आज ही उनके दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इसके बाद दोनों को पटियाला हाउस अदालत में पेश किया जाएगा।

बैंकॉक एयरपोर्ट से सामने आया वीडियो, इंटरपोल की अहम भूमिका

बैंकॉक एयरपोर्ट से लूथरा ब्रदर्स का वीडियो भी सामने आया है। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के प्रत्यर्पण में इंटरपोल और भारतीय उच्चायोग की अहम भूमिका रही। भारत सरकार के आग्रह पर थाईलैंड प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को भारतीय एजेंसियों के हवाले कर दिया।

6 दिसंबर की रात हुआ था दर्दनाक हादसा

6 दिसंबर की रात गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित नाइट क्लब में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 5 पर्यटकों सहित कुल 25 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और भारी लापरवाही के कारण आग ने विकराल रूप लिया।

घटना के बाद दिल्ली से थाईलैंड फरार हुए थे आरोपी

हादसे के समय लूथरा ब्रदर्स दिल्ली में थे, जहां वे एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही उन्हें नाइट क्लब में आग लगने की जानकारी मिली, दोनों इंडिगो की फ्लाइट से थाईलैंड भाग गए। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने उनकी तलाश तेज की और पासपोर्ट रद्द कराए गए, ताकि वे किसी अन्य देश में न भाग सकें।

फुकेट से हुई गिरफ्तारी, गैर-इरादतन हत्या का केस

भारत के आग्रह पर थाईलैंड पुलिस ने 9 दिसंबर को दोनों आरोपियों को फुकेट से हिरासत में लिया था। लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और घोर लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज है। सीबीआई की टीम हाल ही में थाईलैंड पहुंची थी और सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद थाईलैंड ने उन्हें भारत को सौंप दिया।