July 30, 2025 6:46 PM

तिरुपति से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 40 मिनट तक हवा में मंडराने के बाद हुई इमरजेंसी लैंडिंग

  • इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों को रविवार शाम भयावह अनुभव से गुजरना पड़ा

हैदराबाद। तिरुपति से हैदराबाद जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों को रविवार शाम भयावह अनुभव से गुजरना पड़ा। उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान में खराबी आ गई, जिसके कारण यह लगभग 40 मिनट तक आसमान में मंडराता रहा और फिर तिरुपति एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई।

उड़ान भरने के बाद लिया यू-टर्न

इंडिगो की एयरबस A321neo ने शाम 7:42 बजे तिरुपति से उड़ान भरी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, यह फ्लाइट तिरुपति के वेंकेटनगरी क्षेत्र तक पहुंची और फिर तकनीकी दिक्कत के कारण यू-टर्न लेकर तिरुपति की ओर लौट आई। विमान ने रात 8:34 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।

यात्रियों में दहशत, इंडिगो पर उठे सवाल

तकनीकी खराबी के चलते विमान को हवा में कई चक्कर लगाने पड़े, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किए, जिसमें उन्हें इंडिगो स्टाफ से बहस करते हुए देखा जा सकता है। एयरलाइंस ने अभी तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

वेबसाइट पर दर्ज जानकारी में विसंगति

दिलचस्प बात यह रही कि इंडिगो की वेबसाइट पर यह फ्लाइट शाम 7:20 बजे रवाना होकर 8:30 बजे हैदराबाद पहुंची दिखा रही थी, जबकि वास्तविक स्थिति में यह विमान तिरुपति में ही उतरा। साथ ही, इस रूट की आखिरी फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया।

यात्रियों का फूटा गुस्सा

फ्लाइट रद्द होने और सही जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों में गुस्सा फूट पड़ा। कई लोगों ने एयरलाइन की लापरवाही और सूचना की कमी पर नाराजगी जाहिर की है। यात्रियों ने उचित मुआवजे और जवाबदेही की मांग की है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram