- उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक, आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में अचानक बदले मौसम ने तबाही मचा दी है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक, आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में आई तेज आंधी और बारिश के चलते दो मकान गिर गए, जिसमें 9 महीने की मासूम बच्ची और उसकी मां की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में करीब 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। लखनऊ में शनिवार तड़के 3 बजे तूफान आया, जिससे सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल गिर पड़े। इससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं और शहर में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
मौसम विभाग का अलर्ट: देश के 14 राज्य चपेट में
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को 14 राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड जैसे नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली भी शामिल हैं।
हीटवेव की दोहरी मार: मध्य भारत में गर्म हवाएं
मौसम की मार सिर्फ तूफान तक सीमित नहीं है। राजस्थान और गुजरात से आ रही गर्म हवाओं के चलते मध्य प्रदेश भी झुलस रहा है। शुक्रवार को खजुराहो, गुना और नौगांव में पारा 44°C पार कर गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है—शनिवार को 42.5°C और रविवार को 43.1°C तक पहुंचने का अनुमान है। राज्य के 5 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ों में भी नहीं राहत: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भारी नुकसान
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलधार बारिश से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे कई परिवारों को बेघर होना पड़ा है। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है—शुक्रवार से लगातार बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग ने यहां भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071157234z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-56.png)
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071151025z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-50.png)
/swadeshjyoti/media/post_attachments/wp-content/uploads/2025/04/Delhi.jpg)