- वीडी शर्मा कांग्रेस पर हुए आक्रामक
भोपाल । प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर कटाक्ष किया और कहा कि यह देश किसी एक पार्टी की जागीर नहीं है और न ही सोनिया गांधी या राहुल गांधी कानून से ऊपर हैं। कांग्रेस का आचरण भ्रष्टाचार से जुड़ा रहा है।शेयर की हेराफेरी करो, संपत्ति बनाओ उनका लक्ष्य रहा है। उन्होंने सवाल किया कि गैरकानूनी तरीके से षडयंत्र करके सोनिया-राहुल ने प्रोपर्टीज पर कब्जा क्यों किया है? सोनिया जी राहुल जी बेल पर हैं, इन्होंने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया फिर भी कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड 1937 में शुरू हुआ जिसमें 5000 शेयर होल्डर्स थे, ये नेहरू खानदान की तब जागीर नहीं थी, इसमें तब बड़े बड़े लोगो ने सहयोग किया। 2008 में नेशनल हेराल्ड बंद हो गया, उसके बाद कांग्रेस पार्टी ने 90 करोड़ रूपय फंड इस अखबार को दिया ..जिसके बाद नेशनल हेराल्ड ने लोन देने से मना कर दिया, फिर कॉरपरेट षड्यंत्र करके यंग इंडिया के नाम की कंपनी बनाई गई जिसमें 38-38 प्रतिशत शेयर सोनिया गांधी-राहुल गांधी के थे। जो अखबार आजादी के आंदोलन में लड़ने वाले लोगों की आवाज को मजबूत करने का अखबार था उसको अपने प्राइवेट व्यापार में बदल कर एटीएम बना दिया। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा की तरफ से हम कांग्रेस पार्टी व गांधी परिवार की भर्त्सना करते हैं और ईडी को जो धमकाने की बात की जा रही है वह दुर्भाग्यपूर्ण है यह देश की कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है, इसे हम उचित नहीं मानते। वे बोले पॉलिटिकल जवाब नहीं सबूत के आधार पर जवाब दीजिए 76% शेयर माताजी और पुत्र का कैसे हो गया और 50 लाख के एवज में 90 करोड़ का शेयर उनके पास कैसे आया और हजारों करोड़ों की संपत्ति कैसे आई, इसका जवाब दें।इस देश में लूटने का लाइसेंस नहीं है।