• पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश से मैदानी इलाकों में गिरेगा तापमान; पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी मौसम बदलेगा

नई दिल्ली। देश में सर्दियों की दस्तक के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई ऊंचाई वाले इलाकों में आज और कल यानी 4 व 5 नवंबर को बर्फबारी और हल्की बारिश की संभावना है। इसके चलते उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ने वाला है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी और शीतल हवाओं के कारण उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं

मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल के लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किनौर और मनाली, जबकि जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बदरीनाथ इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हो सकती है।

इस बर्फबारी के असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।

दिल्ली में गुलाबी सर्दी का एहसास

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सर्दी का असर महसूस किया जाने लगा है। मंगलवार की सुबह हल्की धुंध और कोहरे के साथ हुई। हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकलेगी, मगर शाम को तापमान घटेगा।

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 से 9 नवंबर तक दिल्ली का तापमान 13 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि हवा की गुणवत्ता (AQI) बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

publive-image

दक्षिण भारत में भी बारिश का असर

उत्तर भारत के साथ-साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

IMD ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम ने करवट ली है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले दो दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने कहा कि यह गतिविधि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण है, जो पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ रही है।

यूपी में गिरेगा तापमान, बिहार में होगी बारिश

उत्तर प्रदेश में फिलहाल आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं राज्य की ओर रुख कर रही हैं। 8 नवंबर तक प्रदेश में सुबह कोहरा और धुंध बनी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि अगले हफ्ते तक बारिश की संभावना नहीं है, मगर तापमान में गिरावट तय है।

दूसरी ओर, बिहार में चक्रवात मोंथा का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, मोतिहारी, सुपौल और मधेपुरा जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, 4 नवंबर के बाद बिहार में तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।

publive-image

आने वाले दिनों में ठंड की शुरुआत तेज

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह में देश के कई राज्यों में रात और सुबह के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। 10 नवंबर के बाद सर्दी और तेजी से बढ़ेगी।

उत्तर भारत के साथ-साथ मध्य और पूर्वी भारत के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।