रात 1 बजे हुआ हादसा, उज्जैन ड्यूटी पर जा रहे थे पुलिसकर्मी
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसमें 18 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 1 बजे आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-52) पर सुनेरा थाना क्षेत्र के जैन ढाबे के पास हुआ। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर यह टक्कर एक पुलिस वाहन और कार के बीच हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरे।
पुलिस वाहन में सवार थे 35 से 40 जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस बस में लगभग 35 से 40 जवान सवार थे, जो उज्जैन में ड्यूटी पर तैनात किए गए थे। हादसे में पुलिस वाहन में बैठे 10 जवान घायल हुए हैं। वहीं दूसरी ओर, कार में सवार 8 लोग भी जख्मी हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिसकर्मियों को छुट्टी दे दी गई। सुबह करीब 3:30 बजे घायल पुलिसकर्मी फिर से वाहन की मदद से रवाना हो गए।
हादसे के दो अलग-अलग दावे
हादसे को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग बातें सामने आई हैं।
पुलिसकर्मियों के अनुसार, एक बाइक को बचाने के प्रयास में कार ने अचानक मोड़ लिया और सीधे पुलिस वाहन से टकरा गई।
वहीं कार में सवार लालसिंह ने बताया कि वे राजगढ़ से उज्जैन जा रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पुलिस बस ने उनकी कार को टक्कर मारी, जिससे कार ने तीन बार पलटी खाई। कार में 6 वयस्क और 2 बच्चे सवार थे।
धमकाने का आरोप, मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस
लालसिंह ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें धमकाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को एक ट्रैक्टर और पुलिस के दूसरे वाहन की मदद से रस्सी बांधकर खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस मुख्यालय ने बदला ड्यूटी स्थल
हादसे के बाद पुलिस मुख्यालय ने बस में सवार बल को उज्जैन की बजाय मऊ ड्यूटी के लिए रवाना किया। इस बीच, सुनेरा थाना प्रभारी भरत किरार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!