July 4, 2025 12:06 AM

पूर्वोत्तर में भीषण बाढ़ का संकट: असम में 5 लाख प्रभावित, 11 मौतें; बिहार-मप्र में मौसम का कहर जारी

  • बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो चुकी
  • 1678 पर्यटकों को सेना और आपदा राहत बलों ने सुरक्षित निकाल लिया

नई दिल्ली/अगरतला/इम्फाल । पूर्वोत्तर भारत में मानसून ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। 29 मई को दस्तक देने के बाद मानसून अभी तक वहीं स्थिर है, जिससे असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और सिक्किम जैसे राज्यों में लगातार तेज बारिश हो रही है। असम इस समय सबसे बुरी स्थिति में है जहां 22 जिलों के 1254 गांवों में 5.35 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 15 नदियां उफान पर हैं, जिससे सड़क, रेल और बोट सेवा प्रभावित है।

असम: राहत शिविरों में 31 हजार से अधिक लोग

असम में अब तक 165 राहत शिविर खोले जा चुके हैं जहां 31,212 लोगों को शरण दी गई है। मंगन जिले में स्थिति सबसे गंभीर है, जहां बाढ़ को आपदा घोषित किया गया है। 31 मई को यहां के छातेन इलाके में लैंडस्लाइड की चपेट में आए मिलिट्री कैंप में तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि छह जवान लापता हैं। उनकी तलाश जारी है।

सिक्किम में टूरिस्ट रेस्क्यू

उत्तरी सिक्किम के लाचेंग और चुंगथांग कस्बों में लैंडस्लाइड के कारण फंसे 1678 पर्यटकों को सेना और आपदा राहत बलों ने सुरक्षित निकाल लिया है। अभी भी 100 से ज्यादा लोग इन इलाकों में फंसे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

मणिपुर: लैंडस्लाइड की 47 घटनाएं, हजारों प्रभावित

मणिपुर में बाढ़ से 19,811 लोग प्रभावित हुए हैं और 3,365 घरों को नुकसान पहुंचा है। पिछले चार दिनों में यहां लैंडस्लाइड की 47 घटनाएं दर्ज की गई हैं। राज्य के पूर्वी हिस्से में 31 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं।

त्रिपुरा में स्थिरता, पर अलर्ट जारी

त्रिपुरा में हालात कुछ हद तक बेहतर हुए हैं। हालांकि, अभी भी राज्य के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 66 राहत शिविर खोले गए हैं, जहां 2926 परिवारों के 10,800 लोग रह रहे हैं। पश्चिम त्रिपुरा में सबसे अधिक 50 शिविर स्थापित किए गए हैं।

अरुणाचल में एयरफोर्स की मदद

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी क्षेत्र में एयरफोर्स द्वारा बोमजीर नदी में फंसे 14 लोगों को रेस्क्यू किया गया। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टर असम और अरुणाचल में सक्रिय रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।

उत्तर और मध्य भारत में भी मौसम की मार

बिहार के सीवान जिले में सोमवार को आंधी और बारिश के चलते दीवार और पेड़ गिरने की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं जयपुर में भी एक महिला की मौत दीवार गिरने से हुई है। मध्य प्रदेश के 38 जिलों में आज के लिए आंधी और बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram