July 31, 2025 2:45 PM

सीमा हैदर की गुहार: “अब मैं भारत की बहू हूं, यहीं रहने दीजिए मोदी जी”

  • भारत सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित करने के फैसले से सीमा परेशान है

नोएडा। पाकिस्तान से अवैध रूप से भारत आई सीमा हैदर को एक बार फिर निर्वासन का डर सता रहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित करने के फैसले से सीमा परेशान है। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारत में रहने की गुहार लगा रही हैं। सीमा ने कहा, “मैं पाकिस्तान की बेटी थी, लेकिन अब भारत की बहू हूं। मोदी जी, योगी जी, मुझे यहीं रहने दें। मैं अब आपकी शरण में हूं।”

नेपाल के रास्ते आई थी भारत

सीमा हैदर मई 2023 में चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत पहुंची थी। यहां आकर उसने ग्रेटर नोएडा निवासी सचिन मीना से शादी कर ली। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात 2019 में ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हुई थी। सीमा पहले से ही पाकिस्तान के सिंध प्रांत में विवाहित थी, लेकिन प्रेम में पड़कर भारत आ गई।

हिंदू धर्म अपनाने का दावा

सीमा ने हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया है और हाल ही में सचिन के साथ बेटी भारती मीना को जन्म दिया है। उनके वकील का कहना है कि सीमा अब पाकिस्तानी नागरिक नहीं रहीं और उनकी नागरिकता भारतीय पति से जुड़ गई है, इसलिए केंद्र सरकार का वीजा रद्द करने का निर्देश उन पर लागू नहीं होना चाहिए।

27 अप्रैल से पाकिस्तानी वीजा रद्द

सरकार ने हाल ही में ऐलान किया कि भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के सभी वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए जाएंगे। सिर्फ मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक मान्य रहेगा। इसके तहत सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इसी आशंका के चलते सीमा हैदर ने सार्वजनिक रूप से भारत में रहने की इजाजत मांगी है।

ग्रेटर नोएडा में रह रही सीमा

फिलहाल सीमा और सचिन ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में रह रहे हैं। जुलाई 2023 में दोनों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन बाद में जांच के बाद सीमा को फिलहाल जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram