- दिल्ली में बुधवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया
नई दिल्ली। उत्तर भारत में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यह 40 डिग्री तक जा सकता है, जिससे लू का खतरा बढ़ गया है।
उत्तर भारत में तापमान में उछाल
देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर तेज हो रहा है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों में भी तापमान बढ़ने लगा है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ दिनों के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी संभव
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है। वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश हो सकती है।
लू का खतरा और मानसून में देरी की संभावना
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल गर्मी अधिक तीव्र हो सकती है। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर (सीईईडब्ल्यू) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में लू वाले दिनों की संख्या 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। इसके अलावा, मानसून के आगमन में देरी होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे गर्मी और अधिक लंबे समय तक रह सकती है।