Trending News

April 20, 2025 6:12 AM

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसी साल करेंगे भारत दौरा

russian-president-vladimir-putin-india-visit-2025

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल भारत दौरे पर आने वाले हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने जानकारी दी कि पुतिन की नई दिल्ली यात्रा की तैयारियां चल रही हैं। इस दौरे के दौरान भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।

गुरुवार को रूसी अंतरराष्ट्रीय मामलों की परिषद द्वारा आयोजित सम्मेलन ‘रूस और भारत: टुवर्ड ए न्यू बाइलेट्रल एजेंडा’ में भारत और रूस के विदेश मंत्रियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधन दिया। इस दौरान भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है और बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद यह साझेदारी मजबूत बनी हुई है।

भारत-रूस के बीच मजबूत होते संबंध

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सम्मेलन में कहा कि भारत और रूस के संबंध आपसी विश्वास और सम्मान की लंबी परंपरा पर आधारित हैं। इन संबंधों में वैश्विक चुनौतियों के बीच आपसी हितों को साधते हुए वैश्विक भलाई में योगदान देने की असाधारण क्षमता है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना हमारी साझा विदेश नीति की प्राथमिकता है। रक्षा, ऊर्जा और नागरिक-परमाणु सहयोग जैसे क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी जारी है, वहीं व्यापार, तकनीक, कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, कनेक्टिविटी और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे नए सहयोग क्षेत्र उभर रहे हैं।

100 अरब डॉलर तक व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य

भारत और रूस ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। बीते साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो बार मुलाकात हुई थी। पहली मुलाकात भारत-रूस वार्षिक शिखर वार्ता में और दूसरी ब्रिक्स शिखर वार्ता के दौरान हुई थी। इन बैठकों में साझा आर्थिक सहयोग, ऊर्जा व्यापार, और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर रहेगा जोर

रूस और भारत के बीच ऊर्जा सहयोग लगातार बढ़ रहा है। रूस से भारत को कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति में इजाफा हुआ है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में संयुक्त उत्पादन और तकनीकी साझेदारी भी चर्चा का मुख्य विषय रहेगा।

इस दौरे के दौरान सैन्य सहयोग, व्यापार समझौतों और वैश्विक रणनीतिक मसलों पर भी चर्चा होगी। पुतिन की यात्रा दोनों देशों के संबंधों को एक नई दिशा देने वाली होगी।

Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram