ड्रोन हमलों, भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता के बीच रूस-यूक्रेन संघर्ष फिर तेज
रूस के पूर्व मंत्री रोमन स्टारोवोइट की आत्महत्या: ड्रोन हमलों और भ्रष्टाचार के बीच बर्खास्तगी
मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को के नजदीक सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां देश के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों के अनुसार, स्टारोवोइट का शव उनकी कार में मिला। आत्महत्या की यह घटना उनकी बर्खास्तगी के कुछ ही घंटों बाद हुई, जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें बिना कोई स्पष्ट कारण बताए पद से हटा दिया था।
मौत के पीछे बर्खास्तगी और भ्रष्टाचार की छाया
स्टारोवोइट को अचानक पद से हटाए जाने के कारणों को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में हुए यूक्रेनी ड्रोन हमलों और कुर्स्क क्षेत्र में भ्रष्टाचार के आरोपों को उनकी बर्खास्तगी से जोड़ा जा रहा है।
स्टारोवोइट, मंत्री बनने से पहले यूक्रेन से सटे कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर रह चुके थे। उनके कार्यकाल के कुछ महीनों बाद ही यूक्रेनी सेना ने कुर्स्क पर बड़ा हमला किया था — जिसे रूस में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा विदेशी हमला माना गया। इसके साथ ही, स्टारोवोइट पर कई आर्थिक गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
हाल ही में कुर्स्क के नए गवर्नर एलेक्सी स्मिरनोव पर भी वित्तीय हेराफेरी के आरोप लगे, जिससे पूर्व प्रशासन पर संदेह और गहरा गया।

ड्रोन हमलों के बाद 300 उड़ानें रद्द, बर्खास्तगी से जुड़ा विवाद
स्टारोवोइट की बर्खास्तगी ऐसे समय में हुई, जब यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के चलते रूस को बड़ी अव्यवस्था और नुकसान का सामना करना पड़ा। 5-6 जुलाई को हुए इन हमलों में रूस के उस्त-लुगा बंदरगाह पर एक टैंकर में विस्फोट हुआ, जिससे अमोनिया का रिसाव हुआ और कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा। कहा जा रहा है कि लगभग 300 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन घटनाओं को भी स्टारोवोइट की कार्यप्रणाली से जोड़ा गया था, जिससे उनका पद बचा नहीं।
स्टारोवोइट की जगह आंद्रेई निकितिन बने नए मंत्री
रोमन स्टारोवोइट की जगह अब पूर्व गवर्नर आंद्रेई निकितिन को अस्थायी रूप से नया परिवहन मंत्री नियुक्त किया गया है। हालांकि रूस सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर आत्महत्या के कारणों पर कोई विस्तृत बयान नहीं आया है। रूस की जांच समिति ने कहा है कि आत्महत्या की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जाएगा।
रूस-यूक्रेन संघर्ष फिर तेज: जवाबी हमलों में दोनों देशों को बड़ा नुकसान
4 जुलाई की सुबह रूस का बड़ा हमला
यूक्रेन पर 4 जुलाई को रूस ने 500 मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अनुसार, इन हमलों में
- 270 मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया
- 208 ईरानी शाहेद ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से जाम किया गया
हमले का मुख्य निशाना राजधानी कीव था, साथ ही द्निप्रो, खार्किव, सुमी, चेर्निहिव और आसपास के इलाकों को भी भारी नुकसान पहुंचा। कीव में अपार्टमेंट बिल्डिंग, एक स्कूल, अस्पताल और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया। कम से कम 23 लोग घायल हुए, जिनमें से 14 को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

यूक्रेन का जवाबी हमला: रूस की बंदरगाह को निशाना बनाया
इस हमले के जवाब में यूक्रेन ने 5-6 जुलाई की रात रूस के कई इलाकों में ड्रोन हमले किए। इनमें रूस के उस्त-लुगा बंदरगाह को प्रमुख रूप से निशाना बनाया गया, जहां एक टैंकर में विस्फोट से रसायनों का रिसाव हुआ और हवाई यातायात व्यवस्था बाधित हुई।
रोमन स्टारोवोइट की आत्महत्या ने रूस के भीतर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल को और तेज कर दिया है। उनकी बर्खास्तगी के पीछे चल रहे घटनाक्रम—ड्रोन हमले, भ्रष्टाचार के आरोप और प्रशासनिक विफलताएं—रूस में आंतरिक अस्थिरता की ओर इशारा कर रहे हैं। वहीं, रूस-यूक्रेन संघर्ष ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा संकट को गहरा कर दिया है।
स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के लिए पढ़ते रहिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!