September 17, 2025 1:30 AM

समन्वय बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा

rss-samanvay-meeting-jodhpur-shatabdi-programs

जोधपुर में आरएसएस समन्वय बैठक: शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा, सामाजिक व ग्रामीण योजनाओं पर जोर

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक में पहले और दूसरे दिन संघ के शताब्दी वर्ष (विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026) के विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में देशभर के विविध क्षेत्रों में कार्य करने वाले संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने-अपने कार्यक्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी दी।

सक्षम का अनूठा प्रयोग : नेत्र कुंभ

बैठक में सक्षम (समदृष्टि, क्षमताविकास एवं अनुसंधान मंडल) द्वारा रामदेवरा में आयोजित नेत्र कुंभ का विशेष उल्लेख हुआ। यह आयोजन 1 अगस्त से 2 सितंबर तक लोक देवता बाबा रामदेव के मेले की अवधि में किया गया।

  • इस दौरान 1,00,797 लाभार्थियों की नेत्र जांच की गई।
  • 85,337 व्यक्तियों को चश्मा प्रदान किया गया।
  • 6,234 रोगियों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया है, जिनका शीघ्र ही उपचार होगा।

यह सीमा क्षेत्र में सक्षम का पहला और अनूठा प्रयोग बताया गया, जिसे सामाजिक समरसता और सेवा कार्य का महत्वपूर्ण उदाहरण माना गया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता

बैठक में दुग्ध संघ और सहकारिता आंदोलन को समाज में सुदृढ़ कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने बताया कि सहकारिता के भाव से संचालित दुग्ध संघ ग्रामीणों की आय बढ़ाने और गांवों की अर्थव्यवस्था को स्थायी बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

समाज में जागरूकता अभियान

  • विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने नशामुक्त समाज बनाने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
  • भारत विकास परिषद द्वारा एनीमिया मुक्त भारत अभियान पर प्रकाश डाला गया।
  • भारतीय किसान संघ ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने और रासायनिक खेती से दूरी बनाने की योजनाओं की रूपरेखा साझा की।
  • स्वदेशी जागरण मंच ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में चल रहे जनजागरण कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया।

महिलाओं की भागीदारी

बैठक में यह भी बताया गया कि महिला समन्वय के माध्यम से समाज जीवन में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम और विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

परिसर की सज्जा और पर्यावरण संरक्षण

समन्वय बैठक के आयोजन स्थल की सज्जा भी चर्चा का विषय रही। परिसर को रंगोली और पौधों से सजाया गया है। भोजन और जलपान की व्यवस्था में धातु के पात्रों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण और संस्कृति दोनों का संरक्षण हो सके।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

बैठक में कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें शामिल हैं –

  • सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत
  • सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले
  • सभी 6 सह सरकार्यवाह
  • विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार और संगठन मंत्री मिलिंद परांडे
  • राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका शांता अक्का एवं कार्यवाहिका ए. सीता गायत्री
  • अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अध्यक्ष डॉ. राजशरण शाही और संगठन मंत्री आशीष चौहान
  • सक्षम अध्यक्ष डॉ. दयाल सिंह पवार और संगठन मंत्री चंद्रशेखर
  • पूर्व सैनिक सेवा परिषद अध्यक्ष ले.ज. विष्णुकांत चतुर्वेदी
  • भाजपा महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष
  • वनवासी कल्याण आश्रम अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह और संगठन मंत्री अतुल जोग
  • सीमा जागरण मंच संयोजक मुरलीधर

बैठक का समापन 7 सितंबर को होगा।


Share on facebook
Share on twitter
Share on linkedin
Share on whatsapp
Share on telegram