- सेना और वायुसेना की संयुक्त प्रेस वार्ता में पाकिस्तान की नापाक हरकतों का विस्तार से खुलासा किया गया
- पाकिस्तान यदि उकसावे की नीति पर चलता रहेगा, तो उसे हर मोर्चे पर करारा जवाब दिया जाएगा
नई दिल्ली। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बौखलाए पाकिस्तान की ओर से लगातार युद्ध भड़काने की कोशिश की जा रही है। शनिवार को विदेश मंत्रालय, सेना और वायुसेना की संयुक्त प्रेस वार्ता में पाकिस्तान की नापाक हरकतों का विस्तार से खुलासा किया गया। विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने साझा प्रेस ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि भारत युद्ध नहीं चाहता, लेकिन पाकिस्तान यदि उकसावे की नीति पर चलता रहेगा, तो उसे हर मोर्चे पर करारा जवाब दिया जाएगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा: संयम हमारा उत्तर है
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान ने बार-बार भारत को उकसाने और सीमा पर तनाव बढ़ाने की कोशिश की है। आज सुबह भी उसने यही रवैया अपनाया। लेकिन भारत संयम के साथ, अंतरराष्ट्रीय दायित्वों को निभाते हुए जवाब दे रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत की जवाबी कार्रवाई हमेशा लक्ष्य-सटीक और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई है।
पाकिस्तान नागरिक विमानों की आड़ में कर रहा हमला
मिस्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पाकिस्तान लाहौर से उड़ान भरने वाले नागरिक विमानों की आड़ में सैन्य हमला कर रहा है, जो न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है बल्कि आम नागरिकों की जान को भी खतरे में डालता है। भारत ने ऐसी स्थिति में भी संयम बरता और जवाबी कार्रवाई में नागरिक इलाकों को नुकसान से बचाया।
कर्नल कुरैशी: पाकिस्तान बना रहा सैन्य ठिकानों को निशाना
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने अब तक भारत के 26 से अधिक सैन्य ठिकानों को हवाई मार्ग से निशाना बनाने की कोशिश की है। इनमें उधमपुर, भुज, पठानकोट और बठिंडा के एयरबेस शामिल हैं। शुक्रवार रात 1:40 बजे पाकिस्तान ने पंजाब के एयरबेस पर हाई-स्पीड मिसाइलें दागीं। इसके अलावा वह ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर रहा है।
स्कूल और अस्पताल भी नहीं बचे
कर्नल कुरैशी ने खुलासा किया कि पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों में न सिर्फ सैन्य ठिकाने, बल्कि स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाएं भी निशाने पर थीं। ये हमले अंतरराष्ट्रीय युद्ध मानकों के स्पष्ट उल्लंघन हैं। भारत ने न सिर्फ इन्हें नाकाम किया, बल्कि पाकिस्तान की सैन्य चौकियों और हथियार डिपो पर जवाबी कार्रवाई कर भारी नुकसान पहुंचाया है।
पाकिस्तान फैला रहा है झूठा प्रोपेगैंडा
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि पाकिस्तान सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह झूठा प्रचार कर रहा है कि उसने भारत के सैन्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है, जबकि सच्चाई यह है कि भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने अधिकतर हमलों को बीच में ही रोक दिया। भारत की सर्जिकल जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान की कई सैन्य और आतंकी संरचनाएं ध्वस्त हो चुकी हैं।
संदेश साफ है: भारत युद्ध नहीं चाहता, लेकिन तैयार है
प्रेस वार्ता में भारत का रुख स्पष्ट था—देश युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अगर पाकिस्तान इसी राह पर चलता रहा तो भारतीय सेना और कूटनीतिक तंत्र हर स्तर पर जवाब देने के लिए तैयार हैं। कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ और राजौरी जैसे सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तान की ओर से की गई तोप और मोर्टार से गोलीबारी का भारत ने सटीक जवाब दिया है।