पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने लंदन में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए भारत के आतंकवाद के खिलाफ सख्त और अडिग रुख की खुलकर व्याख्या की। उन्होंने साफ कहा कि भारत शांति का समर्थक है, लेकिन निर्दोष नागरिकों की हत्या का जवाब देना ज़रूरी है, और यही संदेश ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए पाकिस्तान और दुनिया को दिया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर का स्पष्ट उद्देश्य बताया
प्रसाद ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य पाकिस्तान समर्थित आतंकी शिविरों को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना था। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में अब आतंकवाद और सरकार का गठजोड़ स्पष्ट रूप से दिख रहा है, और भारत अब किसी भी आतंकी घटना को सीधे युद्ध की दृष्टि से देखेगा।

“जिन्ना ने जो देश बनाया, वह जनरल की दुकान बन गया”
अपनी स्पष्टवादिता के लिए पहचाने जाने वाले रविशंकर प्रसाद ने कहा, “पाकिस्तान अब जनरल्स की दुकान बन गया है। चार पारंपरिक युद्धों में वह भारत से हार चुका है। पीओके के लोग भारत में शामिल होने के लिए तड़प रहे हैं।” उन्होंने बलूचिस्तान में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि वहां महिलाओं के साथ बर्बरता हो रही है, जिसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया जाना चाहिए।
अंबेडकर संग्रहालय का दौरा और गर्व
लंदन यात्रा के पहले दिन, प्रतिनिधिमंडल ने टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और डॉ. भीमराव अंबेडकर संग्रहालय का दौरा किया। प्रसाद ने कहा कि यह भवन, जहां डॉ. अंबेडकर दो वर्षों तक रहे थे, अब भारतीय उच्चायोग द्वारा संरक्षित है और यह भारत की सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक विरासत का साक्ष्य है।


प्रवासी भारतीयों ने भारत के साथ दिखाई एकजुटता
लंदन में बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय प्रवासियों ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का समर्थन किया और सरकार के प्रयासों को सराहा। उन्होंने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत कर स्पष्ट किया कि वे भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और नीति के साथ खड़े हैं।

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में कई प्रमुख चेहरे शामिल
इस प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न दलों के सांसद शामिल हैं, जिनमें प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना-यूबीटी), गुलाम अली खटाना व अमर सिंह (कांग्रेस), समिक भट्टाचार्य (भाजपा) और एमजे अकबर (पूर्व केंद्रीय मंत्री) के साथ राजदूत पंकज सरन भी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इससे पहले फ्रांस, इटली और डेनमार्क का दौरा भी सफलतापूर्वक पूरा किया।
स्वदेश ज्योति के द्वारा और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!