राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किए सोमनाथ महादेव के दर्शन, देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
गांधीनगर, 10 अक्टूबर (हि.स.)।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सोमनाथ में द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माने जाने वाले भगवान सोमनाथ महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने महादेव के चरणों में नमन करते हुए देश के नागरिकों की सुख-समृद्धि और कल्याण की भावपूर्ण कामना की।

सुबह राष्ट्रपति मुर्मु विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमनाथ मंदिर परिसर पहुंचीं, जहां पारंपरिक स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया गया। गुजरात के पर्यटन मंत्री मूलुभाई बेरा, सोमनाथ ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं राज्य के पूर्व मुख्य सचिव पी.के. लहेरी, ट्रस्टी जे.डी. परमार और ट्रस्ट के सचिव योगेंद्र देसाई ने राष्ट्रपति का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
इसके बाद राष्ट्रपति ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर भगवान सोमनाथ महादेव का रुद्राभिषेक किया। उन्होंने गंगाजल अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोमेश्वर महापूजा में भाग लिया। पूजा के दौरान उन्होंने देश की एकता, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी राष्ट्रपति को देखकर उत्साह व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने मंदिर की भव्यता, स्थापत्य कला और तटवर्ती प्राकृतिक सौंदर्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सोमनाथ महादेव का यह धाम “आस्था, श्रद्धा और अडिग विश्वास का प्रतीक” है, जिसने सदियों से भारत की सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखा है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति के साथ उनकी पुत्री इतिश्री मुर्मु, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति अपने गुजरात प्रवास के दौरान गिर सोमनाथ जिले के अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा करेंगी और शाम को राजकोट के लिए प्रस्थान करेंगी।

✨ स्वदेश ज्योति के द्वारा | और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!
- प्रधानमंत्री मोदी का दीपावली संदेश : स्वदेशी, स्वच्छता और स्वास्थ्य से होगा विकसित भारत का निर्माण
- ✨ गोवर्धन पूजा 2025 : भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित करने की पवित्र विधि, कथा, लाभ और चमत्कारी उपाय ✨
- हमारी सनातन संस्कृति हमें प्रकृति से सदैव जुड़े रहना सिखाती है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- जापान की साने ताकाइची बनीं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री, शिंजो आबे की करीबी और चीन विरोधी नीतियों के लिए जानी जाती हैं
- विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025: तीन टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं, भारत-न्यूजीलैंड के बीच चौथी जगह की जंग तेज़