रोहतक। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर जेल से बाहर आने की इजाजत मिल गई है। रोहतक की सुनारिया जेल में दुष्कर्म और हत्या के मामलों में 20 साल की सजा काट रहे राम रहीम को बुधवार सुबह 21 दिन की फरलो पर रिहा किया गया। वह इस अवधि में सिरसा स्थित अपने डेरे में ही रहेगा।
सुबह करीब 6:30 बजे, भारी सुरक्षा के बीच राम रहीम जेल से बाहर आया और सीधे सिरसा के लिए रवाना हो गया। जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया को गोपनीय तरीके से पूरा किया गया।
इस साल दूसरी बार बाहर आया राम रहीम
गौरतलब है कि इससे पहले 28 जनवरी 2025 को भी राम रहीम को 30 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। उस दौरान उसने 10 दिन सिरसा डेरे में और बाकी 20 दिन उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में बिताए थे। इस बार की फरलो को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यह डेरे के 77वें स्थापना दिवस समारोह के मद्देनज़र दी गई है।
स्थापना दिवस पर संगत को संदेश
सिरसा पहुंचने के बाद राम रहीम ने एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने संगत को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह साईं की सेवा का महीना है, इसमें ज्यादा से ज्यादा सेवा करनी चाहिए।” राम रहीम ने अपने अनुयायियों से घरों में रहने और डेरे की प्रबंधन समिति के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
अब तक 13 बार जेल से बाहर आया
राम रहीम को 25 अगस्त 2017 को दो साध्वियों से बलात्कार मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 17 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्रकैद की सजा दी गई थी। जेल में रहते हुए यह 13वां मौका है जब राम रहीम पैरोल या फरलो पर बाहर आया है।
राम रहीम को मिलने वाली बार-बार की पैरोल और फरलो पर लगातार सवाल उठते रहे हैं, खासतौर पर राजनीतिक समीकरणों और आगामी आयोजनों के मद्देनज़र। हालांकि, सरकार और जेल प्रशासन इसे कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताते हैं।
स्वदेश ज्योति के द्वारा
और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!