गोलीबारी और धमाकों से दहला बलूचिस्तान, क्वेटा में हाई अलर्ट, सेना का कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी
इस्लामाबाद/क्वेटा, 9 मई: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा गुरुवार देर रात भारी हमलों और धमाकों से दहल उठी। हथियारबंद हमलावरों ने पाकिस्तानी सेना के कई ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों में फ्रंटियर कोर का मुख्यालय, सुरक्षा चेक पोस्ट, और हजारा टाउन की सैन्य पोस्ट शामिल हैं।
सुनाई दी धमाकों की गूंज, गोलीबारी से मचा हड़कंप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हमले रात करीब 11 बजे शुरू हुए। हमलावरों ने सबसे पहले फ्रंटियर कोर (FC) मुख्यालय पर हमला किया। इससे पहले कई जबरदस्त विस्फोट हुए, जिसके बाद लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। पूरे इलाके में अराजकता और दहशत का माहौल फैल गया।
इसके साथ ही कंबरानी रोड पर स्थित सफर खान चेक पोस्ट पर दो धमाके हुए, वहीं हजारा टाउन की सैन्य पोस्ट को भी हमलावरों ने निशाना बनाया। इन क्षेत्रों में गोलियां चलने और बम धमाकों की आवाजें घंटों तक गूंजती रहीं।

कर्फ्यू जैसे हालात, इंटरनेट सेवा ठप
हमलों के तुरंत बाद बलूचिस्तान सरकार ने क्वेटा में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। सेना और अर्धसैनिक बलों को व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन के निर्देश दिए गए हैं। कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं और कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।
हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली
फिलहाल इन हमलों की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इसके पीछे बलूच उग्रवादियों या जिहादी समूहों का हाथ हो सकता है। यह क्षेत्र पहले भी आतंकी गतिविधियों और अलगाववादी हमलों के लिए बदनाम रहा है।
स्थानीय नागरिकों में भारी दहशत
इन हमलों के बाद स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल है। कई लोगों ने रात भर अपने घरों में बंद होकर समय बिताया। सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार लगातार सोशल मीडिया पर स्थिति को साझा कर रहे हैं।
स्वदेश ज्योति के द्वारा
और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!