नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को मिल रहे समर्थन के क्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हमले की कड़ी निंदा करते हुए आतंक के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।

रूसी राष्ट्रपति ने बातचीत में निर्दोष लोगों की हत्या पर शोक जताया और कहा कि इस तरह की जघन्य घटनाओं के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कठघरे में लाया जाना चाहिए। भारत और रूस के बीच वर्षों पुरानी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर भी दोनों नेताओं की चर्चा हुई।


विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा –

“राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया और पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत को हरसंभव समर्थन देने की बात दोहराई।”

बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस के बीच “विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” को और गहरा करने की प्रतिबद्धता जताई।


विक्ट्री डे परेड में नहीं जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी को रूस द्वारा विक्ट्री डे की 80वीं वर्षगांठ पर मॉस्को में आयोजित सैन्य परेड में शामिल होने का न्योता मिला था। हालांकि पहलगाम आतंकी घटना के कारण उनका रूस दौरा स्थगित कर दिया गया है।

पहले इस समारोह में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की योजना थी, लेकिन अब उनके स्थान पर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ रूस जाएंगे।


भारत-रूस संबंधों में मजबूती

भारत और रूस के बीच दशकों पुराना रणनीतिक संबंध है। रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और व्यापार जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच गहरी साझेदारी रही है। ऐसे में पुतिन का यह समर्थन न केवल भारत के लिए एक राजनयिक शक्ति संतुलन को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते प्रभाव और उसके आतंकवाद के विरुद्ध सख्त रुख को भी मजबूती देता है।

पुतिन का बयान ऐसे समय में आया है जब भारत पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक और रणनीतिक दोनों स्तरों पर मजबूत कदम उठा रहा है। पहलगाम हमले के बाद भारत को फ्रांस, अमेरिका, जापान और अब रूस जैसे बड़े देशों से स्पष्ट समर्थन मिल चुका है।



https://swadeshjyoti.com/putin-india-visit-india-russia-summit-2025/