• जम्मू-कश्मीर को पहली बार देश की रेल नेटवर्क से सीधे जोड़ते हुए उन्होंने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई

श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का दौरा कर देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनाया। जम्मू-कश्मीर को पहली बार देश की रेल नेटवर्क से सीधे जोड़ते हुए उन्होंने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन 7 जून से नियमित रूप से चलेगी और कश्मीर के लिए तेज, सुरक्षित व आधुनिक रेल सेवा की शुरुआत करेगी।

चिनाब पुल: इंजीनियरिंग का अद्वितीय चमत्कार

प्रधानमंत्री करीब आधा घंटा चिनाब ब्रिज पर रुके और इस अद्वितीय निर्माण को करीब से देखा। 359 मीटर ऊंचा यह पुल एफिल टावर से भी ऊंचा है और इसे भारत की इंजीनियरिंग क्षमता का प्रतीक माना जा रहा है। पीएम ने रेलवे अधिकारियों और पुल निर्माण से जुड़े इंजीनियरों और मजदूरों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अंजी खड्ड पुल का भी उद्घाटन किया, जो देश का पहला केबल स्टे रेलवे ब्रिज है।

वंदे भारत से शुरू होगा नया सफर

पीएम मोदी कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे और श्रीनगर तक पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अब कश्मीर सीधे देश के अन्य हिस्सों से रेल सेवा के माध्यम से जुड़ जाएगा। 7 जून से यह वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी और कटरा से श्रीनगर तक का सफर कुछ ही घंटों में तय किया जा सकेगा।

  • चेयरकार किराया: रूपए 715
  • एग्जीक्यूटिव क्लास किराया: रूपए 1320
  • फिलहाल स्टॉपेज: केवल बनिहाल
  • अन्य स्टेशनों पर स्टॉपेज बाद में तय होंगे।

46,000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक अवसर पर 46,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें रेल, सड़क, बिजली, जल और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कटरा के एक स्टेडियम में विशाल जनसभा को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने देश की एकता, विकास और कश्मीर की मुख्यधारा में वापसी को लेकर जोरदार संदेश दिया।

USBRL परियोजना: कश्मीर को जोड़ने वाला सपना

यह पूरी रेल लिंक उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का हिस्सा है, जिसका सपना अब साकार हो चुका है। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उनके साथ इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मौजूद थे।

कश्मीर के लिए ऐतिहासिक क्षण

यह पहली बार है जब कश्मीर घाटी को वंदे भारत जैसी आधुनिक और तेज रेल सेवा से जोड़ा गया है। इससे न केवल पर्यटकों को लाभ होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, शिक्षा, व्यापार और संपर्क के नए द्वार भी खुलेंगे।