नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक स्तर पर एक और बड़ी मान्यता मिली है। साइप्रस गणराज्य ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस-3’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स ने उन्हें दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक मैत्री, सहयोग और साझा वैश्विक दृष्टिकोण के प्रतीक के रूप में प्रदान किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस अवसर की तस्वीर साझा करते हुए इसे भारत-साइप्रस मैत्री और साझी वैश्विक दृष्टि का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच स्थायी, भरोसेमंद और बहुआयामी संबंधों का परिचायक है।

प्रधानमंत्री ने समर्पित किया देश को

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया। उन्होंने साइप्रस के राष्ट्रपति, वहां की सरकार और जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा,

“यह सम्मान भारत की उस प्राचीन भावना की वैश्विक स्वीकृति है, जो 'वसुधैव कुटुंबकम्' के सिद्धांत में निहित है। यह सोच शांति, समृद्धि और वैश्विक सहयोग के हमारे प्रयासों को निरंतर प्रेरणा देती है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान भारत-साइप्रस संबंधों को और अधिक मजबूत, बहुआयामी और स्थायी बनाने की उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह पुरस्कार शांति, संप्रभुता और विकास के लिए दोनों देशों की साझा निष्ठा का प्रतीक भी है।

publive-image

अब तक 21 अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजे गए

साइप्रस का यह नागरिक सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। इससे पहले उन्हें अप्रैल में ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’, संयुक्त अरब अमीरात का ‘ऑर्डर ऑफ ज़ायेद’, रूस का ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू’, और संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार ‘चैम्पियंस ऑफ द अर्थ’ भी मिल चुका है।

इन सम्मानों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी को न केवल भारत की विदेश नीति, बल्कि पर्यावरण, वैश्विक शांति, विकास और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

भारत की भूमिका हो रही है निर्णायक

प्रधानमंत्री को मिल रहे यह सम्मान यह दर्शाते हैं कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक प्रभावशाली, विश्वसनीय और जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता के रूप में उभर रहा है। मोदी सरकार की सक्रिय विदेश नीति और बहुपक्षीय सहयोग ने भारत को वैश्विक मामलों में एक निर्णायक भूमिका में ला खड़ा किया है।