गणतंत्र दिवस पर घोषित होंगे पुरस्कार, कला, विज्ञान, चिकित्सा सहित कई क्षेत्रों में दिया जाएगा सम्मान
नई दिल्ली।
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शुमार पद्म पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी कि इन पुरस्कारों के लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। जो भी व्यक्ति या संस्था इन पुरस्कारों के लिए नामांकन या सिफारिश करना चाहती है, वह राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती है।
पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए नामांकन
पद्म पुरस्कारों में तीन श्रेणियां होती हैं—
🔹 पद्म विभूषण: असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए
🔹 पद्म भूषण: उच्च क्रम की विशिष्ट सेवा के लिए
🔹 पद्म श्री: किसी क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवा के लिए
1954 में शुरू किए गए ये पुरस्कार हर साल गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को घोषित किए जाते हैं और देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाता है।
कौन कर सकता है नामांकन?
इन पुरस्कारों के लिए कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन नामांकन कर सकता है, चाहे वह स्वयं के लिए हो या किसी अन्य व्यक्ति के लिए।
नामांकन करते समय व्यक्ति की उपलब्धियों, योगदान, उनके कार्य के प्रभाव और सामाजिक मान्यता जैसे पहलुओं का उल्लेख करना होता है।
कौन पात्र नहीं है?
हालांकि, सरकारी सेवकों को पद्म पुरस्कार देने पर कुछ सीमाएं हैं।
🔹 डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्य सरकारी कर्मचारी, जिनमें सार्वजनिक उपक्रमों में काम करने वाले अधिकारी भी शामिल हैं, इन पुरस्कारों के पात्र नहीं हैं।
किन क्षेत्रों में दिए जाते हैं पुरस्कार?
पद्म पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों में दिए जाते हैं।
इस पुरस्कार का उद्देश्य उन व्यक्तियों को पहचान देना है जो समाज में मौन रूप से, लेकिन प्रभावशाली काम कर रहे हैं।
अधिक जानकारी कहां मिलेगी?
इन पुरस्कारों के बारे में और अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in) में ‘पुरस्कार और पदक’ शीर्षक के अंतर्गत तथा पद्म पुरस्कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in) पर विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं।
स्वदेश ज्योति के द्वारा और भी दिलचस्प खबरें आपके लिए… सिर्फ़ स्वदेश ज्योति पर!