उत्तर भारत से लेकर पूर्वी राज्यों तक ठंड और घने कोहरे का बढ़ेगा असर
नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर महसूस किया जाने लगा है। आने वाले एक सप्ताह तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों समेत देश के कई हिस्सों में ठंड और घने कोहरे का दायरा और बढ़ने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के ऊपर इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 27 दिसंबर तक पहुंच सकता है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का सिलसिला बना रहेगा। इसका सीधा असर मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के रूप में देखने को मिलेगा।
उत्तर और मध्य भारत में बहुत घना कोहरा
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 29 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। उत्तराखंड में यह स्थिति 28 दिसंबर तक बनी रह सकती है, जबकि मध्य प्रदेश में 25 दिसंबर तक कोहरे का असर रहने का अनुमान है।
बिहार में भी 25 दिसंबर तक कुछ इलाकों में घना कोहरा रह सकता है, जिसका विस्तार 26 से 28 दिसंबर के बीच और बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 28 दिसंबर तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और झारखंड में 25 दिसंबर तक तथा राजस्थान और छत्तीसगढ़ में 24 दिसंबर तक कोहरे का प्रभाव देखा जा सकता है। उत्तर-पूर्वी भारत में भी 26 दिसंबर तक सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।
कई राज्यों में सर्द दिन और शीतलहर
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई इलाकों में इस समय सर्द दिन और अत्यंत सर्द दिन की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने बिहार में 28 दिसंबर तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जब दिन के समय धूप नहीं निकलती और तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाता है, तब सर्द दिन की स्थिति बनती है। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ सकता है।
एनसीआर में ठंड के साथ हल्के बादल
मौसम विभाग का मानना है कि सर्दी के मौसम में यदि बीच-बीच में बारिश होती है, तो प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आती है। हालांकि फिलहाल मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना कम है। हवा की रफ्तार बढ़ने से कुछ क्षेत्रों में कोहरा अस्थायी रूप से छंट सकता है, लेकिन दिसंबर के अंत तक एनसीआर और आसपास के इलाकों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से राहत की उम्मीद फिलहाल कम ही नजर आ रही है।
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071157234z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-56.png)
/swadeshjyoti/media/agency_attachments/2025/11/09/2025-11-09t071151025z-logo-640-swadesh-jyoti-1-2025-11-09-12-41-50.png)
/swadeshjyoti/media/media_files/2025/12/24/mosam-2025-12-24-12-13-58.jpg)