तेज रफ्तार ने छीन ली कई ज़िंदगियाँ: रामेश्वरम जा रहे श्रद्धालुओं की कार सडक किनारे खड़ी थी, तभी सामने से आई कार ने मारा जोरदार टक्कर 

रामनाथपुरम। तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में शनिवार सुबह एक भयावह सड़क हादसे ने पांच अयप्प भक्तों की जान ले ली। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम क्षेत्र से आए श्रद्धालु रामेश्वरम के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी कुम्बिडुमदुरई के समुद्र तटीय मार्ग पर उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दूसरी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क किनारे खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, घटनास्थल पर मचा हाहाकार

हादसा उस समय हुआ जब भक्त अपनी कार किनारे खड़ी कर रहे थे। तभी डीएमके नगर मंडल अध्यक्ष के नाम से पंजीकृत कार तेज रफ्तार में आई और आंध्र प्रदेश नंबर की उस कार को सीधे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे 5 श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

7 घायलों का उपचार जारी, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना में घायल 7 लोगों को तुरंत रामनाथपुरम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण बनी, हालांकि पुलिस कार चालक से पूछताछ कर रही है और मौके के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। रामनाथपुरम–रामेश्वरम मार्ग पर यह इलाका समुद्र तट के पास का महत्वपूर्ण यातायात मार्ग है, जहां अक्सर तीर्थ यात्री आवाजाही करते हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर गति नियंत्रण उपायों की मांग दोहराई है।