कश्मीरी गेट में 24 फरवरी की वारदात का खुलासा, रोहित गोदारा गैंग से जुड़े आरोपी की धरपकड़

नई दिल्ली। राजधानी के कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर फायरिंग करने के मामले में दिल्ली पुलिस को अहम सफलता मिली है। उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित सोलंकी के रूप में हुई है, जिसे पुलिस रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा सक्रिय सदस्य बता रही है। पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को कश्मीरी गेट क्षेत्र में लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनके साथियों को निशाना बनाकर कार पर गोलियां चलाई गई थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

कई एंगल से जांच

उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से रोहित सोलंकी को दबोचा। पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमले की साजिश किस स्तर पर रची गई और इसमें कौन-कौन शामिल था।

अधिकारियों के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

गैंगवार एंगल की भी जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला आपराधिक गिरोहों के बीच चल रही प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह वारदात किसी बड़े गैंगवार की कड़ी है या फिर विशेष तौर पर कानूनी टीम को निशाना बनाकर संदेश देने की कोशिश की गई थी।

लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। ऐसे में इस फायरिंग की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।

सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद कश्मीरी गेट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने इलाके में लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।