फ्लाइट छूटने का डर दिखाकर एकांत में ले गया कर्मचारी, सीसीटीवी से खुली करतूत

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक विदेशी महिला के साथ छेड़छानी का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एयर इंडिया एसएटीएस में कार्यरत ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी मोहम्मद अफ्फान को एक कोरियाई महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने चेकिंग के नाम पर महिला को फ्लाइट छूटने का डर दिखाया और सामान में गड़बड़ी का बहाना बनाकर उसे एकांत स्थान पर ले जाकर गलत हरकत की।

नियमित स्क्रीनिंग छोड़ अलग जांच का दबाव

पीड़िता के अनुसार आरोपी कर्मचारी ने उससे कहा कि यदि वह दोबारा नियमित स्क्रीनिंग काउंटर पर गई, तो उसकी फ्लाइट छूट सकती है। इसी बहाने उसने अलग से जांच करने की बात कही और उसे पुरुषों के वॉशरूम के पास ले गया। महिला ने जब आपत्ति जताई, तब भी आरोपी नहीं माना और कथित तौर पर उसे गलत तरीके से छुआ। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जबरन गले लगाया और वहां से चला गया। इस पूरी घटना से महिला मानसिक रूप से बुरी तरह आहत हो गई।

शिकायत के बाद तुरंत हरकत में आई पुलिस

घटना के तुरंत बाद कोरियाई महिला ने एयरपोर्ट के सुरक्षाकर्मियों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद एयरपोर्ट पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें आरोपी कर्मचारी की संदिग्ध गतिविधियां साफ तौर पर दिखाई दीं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद अफ्फान को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

कंपनी ने माना अक्षम्य कृत्य, तुरंत बर्खास्त

घटना सामने आने के बाद एयर इंडिया एसएटीएस ने भी सख्त कदम उठाया। कंपनी ने बयान जारी कर इस घटना को पूरी तरह अक्षम्य बताया और आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। कंपनी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है और इस तरह के कृत्य को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एयर इंडिया ने जताया खेद

एयर इंडिया की ओर से भी बयान जारी कर कहा गया कि इस घटना से पीड़िता को हुई मानसिक पीड़ा के लिए उन्हें गहरा खेद है। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही है और पीड़ित महिला को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।

यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर यात्रियों, खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहीं इस तरह की घटना सामने आना न केवल चिंताजनक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि निगरानी और कर्मचारियों की जवाबदेही को और मजबूत करने की जरूरत है।