भोपाल। मध्यप्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड (MP Tourism Board) ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर करेगा। इंडिया हाईक्स, इंडिगो एयरलाइंस, रेड बस, और संयुक्त राष्ट्र महिला संस्था (UN Women) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ ये समझौते किए जाएंगे।
महिला सुरक्षा और समावेशी पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और यूएन वुमन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता होगा। इस एमओयू के तहत—
- महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल विकसित किए जाएंगे।
- पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
- संवेदनशील सामाजिक व्यवहार और जागरूकता कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
ओरछा में बनेगा ‘पिंक टॉयलेट’
महिलाओं की सुविधाओं के लिए ओरछा के कंचन घाट और सिटाडेल परिसर में ‘पिंक टॉयलेट’ स्थापित किए जाएंगे। यह पहल रेड बस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जिला प्रशासन के सहयोग से होगी।
- रेड बस टॉयलेट्स के निर्माण, डिज़ाइन और रखरखाव की ज़िम्मेदारी निभाएगा।
- स्थानीय महिलाओं को संचालन और रखरखाव में शामिल किया जाएगा।
- जल आपूर्ति, बिजली, और सीवेज ट्रीटमेंट की पुख्ता व्यवस्था होगी।
ग्वालियर किले को मिलेगा नया स्वरूप
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्वालियर के ऐतिहासिक किले पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस के साथ समझौता होगा।
- इंडिगो की CSR गतिविधियों के तहत किले को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
- पर्यटकों के लिए नई सुविधाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- इससे स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
रोमांच प्रेमियों के लिए 5 नए ट्रैकिंग रूट्स
मध्यप्रदेश के प्राकृतिक स्थलों को एडवेंचर टूरिज्म का हब बनाने के लिए इंडिया हाईक्स के साथ मिलकर 5 नए ट्रैकिंग रूट विकसित किए जाएंगे।
- पहले से विकसित मोगलीलैंड ट्रेक और नर्मदा बैंक-वॉटर ट्रेक की तरह नए ट्रैकिंग मार्ग बनाए जाएंगे।
- जीआईएस मैपिंग, डिजिटल प्रमोशन और गाइड बुक प्रकाशित की जाएगी।
- स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।
मध्यप्रदेश बनेगा आधुनिक और सुरक्षित पर्यटन स्थल
पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में होने वाले ये समझौते राज्य के पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।