नई दिल्ली। देशभर में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है। उत्तर भारत के कई राज्यों से मानसून लौट चुका है और यहां पर उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर भारत से मानसून की विदाई

24 सितंबर तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से मानसून की वापसी हो चुकी है। इन इलाकों में अब मौसम शुष्क हो गया है और दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 सितंबर के बाद यहां मौसम करवट ले सकता है और हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।

publive-image

पांच राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और केरल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। कोंकण तट और पश्चिमी घाट के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली और अरुणाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

यूपी-बिहार में उमस और हल्की बारिश की उम्मीद

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी बनी रहेगी और बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, 1 अक्टूबर के बाद राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। बिहार में भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन आने वाले 5 दिनों में कुछ जिलों में हल्की बौछारों के साथ गरज-चमक हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

पहाड़ी राज्यों में साफ मौसम

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मानसून ने भारी तबाही मचाने के बाद विदाई ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर तक इन राज्यों में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

publive-image

पूर्वी तट पर चक्रवात का खतरा

मौसम विभाग ने दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है, जिसके अगले 48 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।

महाराष्ट्र में तेज बारिश का दौर जारी

महाराष्ट्र में मानसूनी हवाएं अभी भी सक्रिय हैं। मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी, पुणे घाट, सतारा घाट, मराठवाड़ा, नांदेड़ और लातूर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 अक्टूबर तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहेगा, जिसके बाद धीरे-धीरे मानसून विदा लेगा।