- उत्तर, पूर्वी और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की
नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून पूरी सक्रियता के साथ मेहरबान है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में उत्तर, पूर्वी और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इससे जहां किसानों को राहत मिली है, वहीं आमजन को भारी बारिश, जलभराव और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी दिल्ली में 25 जुलाई के बाद मूसलाधार बारिश की चेतावनी
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा, लेकिन 25 जुलाई के बाद राजधानी में मूसलाधार बारिश के आसार हैं, जिससे जलभराव और यातायात पर असर पड़ सकता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उत्तराखंड और हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट
पर्वतीय राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। उत्तराखंड के देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कों पर मलबा आने की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

यूपी में गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी जैसे क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, कुछ जिलों में उमस और गर्मी का भी असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में मौसम के और सक्रिय होने की संभावना जताई है।
बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अररिया, पूर्णिया, बेगूसराय, किशनगंज, लखीसराय, मुंगेर, जमुई, गया, जहानाबाद, नवादा, बांका और भागलपुर जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों को आकाशीय बिजली से बचने के लिए सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। बारिश के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।

झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर सहित कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। वहीं, छत्तीसगढ़ के बस्तर, बिलासपुर और रायपुर में भी बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
राजस्थान के कई हिस्सों में होगी मध्यम से तेज बारिश
राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभागों में बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, भरतपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। इससे कुछ इलाकों में निचले हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भी वर्षा का अनुमान
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश जिलों में गुरुवार को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, अनंतनाग, पुंछ और कठुआ जिलों में गरज और चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका से इन क्षेत्रों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

मुंबई और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार को हल्की बारिश के आसार हैं। मुंबई में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कोकण, पुणे और नासिक क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
गुजरात में भारी बारिश की संभावना
गुजरात के सौराष्ट्र, दक्षिण गुजरात और कच्छ क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर जलभराव की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।